एमडीयू स्पोर्ट्स डायरेक्टर पर खिलाड़ी छात्रा से रेप के प्रयास के आरोप
और एफआईआर के बाद विवि प्रबंधन हरकत में आ गया है। प्रबंधन ने अपने स्तर पर
टीम गठित कर जांच कराई और जांच रिपोर्ट सरकार को भेज दी है। उधर पुलिस की
जांच अभी जारी है, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
बता दें कि
एमडीयू के डायरेक्टर स्पोर्ट्स डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल पर बीते दिनों एक
खिलाड़ी छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने डॉ. ढुल के खिलाफ केस दर्ज
किया है।
वीसी प्रोफेसर बिजेंद्र कुमार पूनिया ने चार सदस्यीय कमेटी को
मामले की जांच सौंपी थी। कमेटी ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट प्रबंधन को
सौंपी, जिसे सरकार के पास भेज दिया गया है। सूत्रों की मानें तो रिपोर्ट
में डॉ. ढुल के कामकाज व प्रोफाइल के बारे में जानकारी दी गई है। इसके
अलावा उनके कार्यकाल में यूनिवर्सिटी की खेल उपलब्धियों को भी शामिल किया
गया है।
साजिशन फंसाया गया, पुलिस जांच में सामने आएगी सच्चाई
डॉ.
ढुल का कहना है कि पद व प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाने के लिए विरोधियों ने
सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें फंसाया है। पुलिस-प्रशासन पर विश्वास है कि
निष्पक्ष जांच होगी। पुलिस जांच के बाद सच्चाई सभी के सामने आ जाएगी। आरोप
बेबुनियाद है।
कमेटी की रिपोर्ट सरकार के पास भेज दी गई है।
डॉ. ढुल की गैर मौजूदगी में उनका कामकाज खेल विभाग के ही किसी पात्र
व्यक्ति को सौंपा जा सकता है। इसके लिए संबंधित विभाग में फाइल चलाई गई है।
- प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया, वीसी एमडीयू।