अंबाला से रोहतक आ रहा एक ट्रक चालक मकड़ौली टोल से बचने के लिए अप्रोच रोड पर चला गया। जहां बाइक सवार पांच युवकों ने रास्ता रोककर उसे लूट लिया। युवक ट्रक चालक से पांच हजार की नकदी और दो मोबाइल फोन छीनकर ले गए।
पुलिस के मुताबिक राजस्थान के अलवर जिले के गांव विजयपुर निवासी शाहरुख ने दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार की रात वह अंबाला से रोहतक ट्रक लेकर आ रहा था। रात करीब एक बजे गोहाना-रोहतक रोड पर ब्राह्मणवास गांव के फ्लाईओवर पर पहुंचा। टोल से बचने के लिए उसने ट्रक को फ्लाईओवर के नीचे से सांघी रोड की तरफ मोड़ दिया। अप्रोच रोड पर आते ही दो बाइक पर सवार पांच युवक आए।
उन्होंने सड़क के बीचोंबीच बाइक खड़ी करके उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद जबरन खिड़की खुलवाकर उससे मारपीट करने लगे। साथ ही धमकी देकर पांच हजार रुपये की नकदी और दो मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। राहगीर की मदद से ट्रक चालक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बाइक सवार युवकों का सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।