सीआईए-1 में हुई घटना की जांच रिपोर्ट में लांदरी की भूमिका अहम होगी। खाना बनाने वाले लांदरी के बयानों को पुलिस रिपोर्ट में प्रमुखता से शामिल करेगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो घटना वाले दिन लांदरी वारदात वाले कमरे के आसपास ही मौजूद था। हालांकि अभी तक एसआईटी की तरफ से अंतिम रिपोर्ट तैयार नहीं की गई है।
इसके अलावा एक बात और सामने आ रही है कि पुलिस अभी तक गेट खोलने के विवाद के अलावा मामले में दूसरा बिंदु नहीं खोज सकी है। पुलिस का मानना है कि झगड़ा केवल गेट खोलने को लेकर ही हुआ था। इसके अलावा कोई नई बात सामने नहीं आ रही है। मगर उन अधिकारियों पर गाज गिरना तय है जिन्होंने झगड़े के बारे में उच्च पुलिस अधिकारियों को जानकारी नहीं दी।
एसआईटी इंचार्ज डीएसपी विजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के विसरा और ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद जांच पूरी हो जाएगी। फिर, एसपी ऑफिस को जांच रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
ये है मामला
करीब दस दिन पहले रोहतक सीआईए-1 में तैनात जींद के करसौला निवासी हेड कांस्टेबल संजय की सोते समय हिसार के सिंघवा निवासी एएसआई रोहताश ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद को भी गोली से उड़ा दिया था। इसके बाद एसपी के आदेश पर एसआईटी गठित की गई थी। एसआईटी की कमान डीएसपी विजेंद्र सिंह संभाल रहे हैं।