जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर जाट समाज अलग-अलग गुटों बंटता दिखाई दे रहा है। 14 मार्च को प्रदेश स्तर पर होने वाले एक दिवसीय प्रदर्शन को लेकर खाप, संघर्ष समिति और युवाओं में मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं। कोई प्रदर्शन के लिए हामी भर रहा है तो कोई अभी भी असमंजस की स्थिति में है। वहीं जिला प्रशासन इस बार किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं बरतना चाहता। ऐसे में सुरक्षा को लेकर प्रशासन रणनीति बनाने में जुट गया।
जाट आरक्षण आंदोलन में छिड़े उपद्रव के बाद 14 मार्च को पहली बार प्रदेश स्तर पर एक दिवसीय प्रदर्शन रखा गया है। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के आह्वान पर होने वाले इस प्रदर्शन में सभी जिला मुख्यालयों पर डीसी को सात सूत्रीय ज्ञापन दिया जाएगा। इसके साथ उपद्रव के बाद हो रही गिरफ्तारियों पर रोक लगाने की भी मांग की जाएगी। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन और सरकार मांग पूरी करने के लिए तीन-चार दिन का अल्टीमेटम दिया जाएगा।
फिलहाल रणनीति साफ नहीं
10 मार्च को जाट युवा एकता मंच की पंचायत में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने इस प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया था, लेकिन स्थानीय स्तर पर खाप और युवा नेताओं की बात करें तो सभी अलग-अलग किनारों पर जाते दिखाई दे रहे हैं। एक तरफ जहां अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने इस प्रदर्शन का आह्वान किया है तो दूसरी तरफ रोहतक, सोनीपत और झज्जर के खाप नेता इसमें शामिल होने से साफ इंकार कर रहे हैं। वहीं जाट युवा एकता मंच की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि अब यह तो 14 मार्च को ही पता चलेगा कि कौन इसमें शामिल होता है और क्या रणनीति है।
यह बोले पदाधिकारी
14 मार्च को खाप का कोई भी कार्यक्रम नहीं है। रोहतक, सोनीपत और झज्जर जिले के 11 लोगों की कमेटी बनी हुई है। वह कमेटी ही मिलकर कोई निर्णय लेगी। फिलहाल खाप इस प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी।
- हरदीप अहलावत, 84 खाप प्रधान रोहतक
हरियाणा के हर जिला मुख्यालय पर 14 मार्च को एक दिवसीय कार्यक्रम होगा। प्रदेश की सभी बड़ी खाप संघर्ष समिति के साथ लंबे समय से जुड़ी हुई है। सभी के साथ मिलकर यह फैसला लिया गया है।
- यशपाल सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति
14 मार्च का आह्वान राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने किया है। इसमें युवाओं की कोई सहमति नहीं है। युवा प्रदेश की खापों के साथ मिलकर चलेंगे। प्रदर्शन में कौन शामिल होगा और कौन नहीं, इसके बारे में खापों से विचार-विमर्श किया जाएगा।
- नवीन मलिक, संयोजक जाट युवा एकता मंच