12वीं कक्षा की छात्रा से गैंग रेप के दो आरोपी मंगलवार को जेल चले गए, जबकि एक अभी फरार है। उसकी तलाश में रोहतक और पानीपत की पुलिस संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही है। रोहतक पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार रात गिरफ्तार किया था।
अब सामूहिक दुष्कर्म और अपहरण के मामले में पानीपत पुलिस आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी। गिरफ्तारी के बारे में पानीपत पुलिस को सूचना दे दी गई है। वहीं, मामले का एडीजीपी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि केस में पुलिस की लापरवाही की जांच की जाएगी। बता दें कि छात्रा के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मंगलवार को सदर थाना क्षेत्र की लड़की का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में सोमवार देर रात पकड़े गए अमरजीत उर्फ नीटू और नवीन को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया। मामले में फरार आरोपी रिंकू की गिरफ्तारी के लिए रोहतक और पानीपत पुलिस संयुक्त अभियान चला रही है। गिरफ्तार किया गया अमरजीत उर्फ नीटू 12 कक्षा पास है। वह होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। जबकि नवीन बीए पास है। वह दिल्ली स्थित एक डाकखाने में नौकरी करता है।
गौरतलब है कि 12वीं की छात्रा पानीपत स्थित एक गांव में अपनी बुआ के घर गई थी। तीनों आरोपियों ने छात्रा की बुआ के गांव पहुंचकर 12 जून को उसका अपहरण कर लिया था। इसके बाद खेत में ले जाकर गैंग रेप किया था। छात्रा ने आपबीती बुआ तो बताई तो वह उसे लेकर रोहतक आ गईं। यहां पुलिस में शिकायत की गई तो पुलिस जीरो एफआईआर दर्ज करके पानीपत पुलिस को भेज दिया। आरोप है कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की वजह से परेशान होकर छात्रा ने खुदकुशी कर ली। सदर थाना पुलिस ने छात्रा के सुसाइड नोट के आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज करके दो को गिरफ्तार किया था।