शातिरों ने वारदात के बाद पीड़ित को काल कर दी वारदात की जानकारी
- फोटो : Demo pic
इंटरनेट से ठगी करने वाले शातिर अब बेखौफ हो चुके हैं। हद की बात है कि वे बैंक खाते से पैसे निकालने के बाद पीड़ित को काल कर वारदात की जानकारी भी दे रहे हैं। ऐसी ही वारदात सांघी निवासी रामफल के साथ हुई। आरोपियों ने गत 3 जुलाई को उसे फोन कर बताया कि ‘तेरे खाते से दो लाख रुपये उड़ा दिए हैं, जरा अपना बैंक खाता चेक कर ले’। जब पीड़ित ने अपने खाते की डिटेल निकलवाई तो पता चला कि शातिरों ने सही में उसके खाते से दो लाख रुपये और बेटे मोहित के खाते से 87 हजार रुपये निकाल लिए हैं। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने अज्ञात पर धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में रामफल ने बताया कि वह सिंचाई विभाग में बेलदार के पद पर कार्यरत है। 19 जून को उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले युवक ने खुद को एक निजी बैंक का अधिकारी बताया। आरोपी ने रामफल से कहा कि उनका और उनके बेटे का खाता और एटीएम कार्ड ब्लॉक होने वाले हैं, इसे चालू रखने के लिए एटीएम का पासवर्ड बदलना होगा। पहले तो रामफल ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया लेकिन दूसरी बार फोन आने पर वह झांसे में आ गया। शातिरों ने रामफल से उसके खाते और एटीएम कार्ड की डिटेल दे दी और 2.87 लाख रुपये निकाल लिए। रामफल को वारदात का पता 2 जुलाई को चला जब एक आरोपी ने उसके मोबाइल फोन पर काल कर कहा कि तुम्हारे खाते से दो लाख रुपये उड़ा दिए हैं, खाता चेक कर लो। इसके बाद पीड़ित रामफल ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
निकासी के मैसेज आए मगर नहीं पढ़ सके
यदि समय रहते रामफल अपने मोबाइल पर आये निकासी के मैसेज पढ़ लेते तो शायद उनके खाते से इतने रुपये नहीं निकलते। हर निकासी पर रामफल के मोबाइल पर बैंक की तरफ से मैसेज आया। रामफल का मोबाइल नंबर बैंक में पंजीकृत है। मगर, रामफल के ज्यादा पढ़े लिखे नहीं होने के कारण वह मैसेज नहीं पढ़ सके। इसी का फायदा उठाकर शातिरों ने रामफल के खाते से कभी पांच तो कभी 10 हजार रुपये टुकड़ों में निकाले।
बिलों का भुगतान और पैसे ट्रांसफर भी किए
रामफल ने बताया कि आरोपियों ने उनके खाते से करीब दो लाख और बेटे के खाते से 87 हजार रुपये निकाले हैं। जब रामफल ने बैंक खाते की डिटेल निकलवाई तो पता चला कि शातिरों ने कभी मोबाइल के बिल का भुगतान किया है तो कभी पैसे दूसरे खाते में ट्रांसफर किए। अब पुलिस ने बैंक से लेन-देन की डिटेल लेकर जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों ने फिर किया फोन
आरोपियों के शातिर दिमाग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने लाखों रुपये उड़ाने के बाद रामफल को दोबारा कॉल की। इस बार आरोपियों ने रामफल से उसके मोबाइल पर आये मैसेज के बारे में पूछा। मगर इस बार रामफल ने आरोपियों को कोई जानकारी नहीं दी।