जसिया में विधवा की हत्या कर शव जलाने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज
खुलासा किया है। आरोपी जुलाना निवासी आशुतोष शर्मा ने पहले तो महिला के साथ
दुष्कर्म किया, फिर सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार करके उसकी हत्या कर दी।
घिलौड़ चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने इसकी पुष्टी की।
इस केस में अब पुलिस ने
दुष्कर्म और एससीएसटी एक्ट की धारा जोड़ी है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को
ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां से उसे तीन दिन के पुलिस
रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच अधिकारी ने बताया कि रुपये के लेनदेन को
लेकर पहले तो आरोपी आशुतोष और मृतका के बीच विवाद हुआ। फिर आरोपी ने उसे
हवस का शिकार बनाया। जब महिला ने विरोध किया तो आशुतोष ने ईंट से उसके सिर
पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। फिर
आरोपी उसके शव को बोरे में रखकर जसिया लाया। यहां शव पर तेल डालकर आरोपी ने
आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
खुद की कार में ले गया था शव
आरोपी
आशुतोष के परिवार में उसकी मां और छोटा भाई है। पुलिस ने बताया कि महिला
की हत्या के बाद आशुतोष अपनी कार की डिग्गी में शव रखकर जसिया ले गया था।
आरोपी ने अभी तक पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने अकेले ही वारदात को अंजाम
दिया है। हालांकि पुलिस रिमांड अवधि में आरोपी से वारदात से जुड़े अन्य
पहलुओं पर भी पूछताछ करेगी। पुलिस का कहना है कि अभी तक हत्यारोपी की मां
के वारदात में शामिल होने का कोई सबूत सामने नहीं आया है। इस संबंध में भी
आरोपी से पूछताछ की जाएगी।
रुपये के लिए दुष्कर्म फिर हत्या
दरअसल,
मृतका जुलाना निवासी एक महिला के पास प्रति माह एक हजार रुपये जमा करती
थी, ताकि कुछ बचत हो सके। रुपये जमा करने वाली महिला ने खुद को डाकखाने का
एजेंट बता रखा था। जब पीड़िता को पता चला कि महिला किसी भी डाकखाने की
एजेंट नहीं है तो उसने अपने रुपये वापस मांगे।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में
बताया कि वारदात के दिन पीड़िता रुपये लेने के लिए घर आई थी। पीड़िता को
अपने बच्चों की फीस जमा करनी थी। उस दिन आरोपी आशुतोष घर पर अकेला था। इसी
का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला से दुष्कर्म किया।
यह है मामला
6
फरवरी की रात को जसिया रोड पर एक महिला का जलता शव मिला था। शव बोरे में
था और पास ही आधार कार्ड और बैंक की पासबुक मिली थी। इसी के आधार पर महिला
की पहचान जींद के जुलाना के गांव लिजवाना खुर्द निवासी के रूप में हुई थी।