रोहतक शहर के आजाद नगर में नाई की दुकान मालिक से पांच लाख की रंगदारी मांगने के मामले में 24 घंटे के अंदर ही पर्दा उठ गया है। आरोप है कि नाई के साथ जनस्वास्थ्य विभाग के पानी के बूस्टर पर नौकरी करने वाले उसके साथी ने ही रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने आरोपी पानीपत जिले के गांव अटावला निवासी चांद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। खुलासा हुआ है कि चांद सिंह अपनी ड्यूटी कुलबीर के साथ बदलना चाहता था। मना करने पर यह वारदात अंजाम दी।
शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह ने बताया कि शनिवार को आजाद नगर वासी कुलबीर उर्फ सुभाष ने शिकायत दी कि उसने कन्हेली रोड पर दुकान किराए पर ले रखी है, जहां नाई के तौर पर कार्य करता है। दुकान के बाहर किसी ने धमकी भरा पत्र चस्पा कर रखा था।
पत्र में लिखा था कि सोमवार तक पांच लाख रुपये नहीं दिए तो उसे और उसके बेटे को पांच गोलियां मार दी जाएंगी। मामले की गहनता से जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। पता चला कि नाई के साथ काम करने वाला चांद सिंह ही पत्र चस्पा करके गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया।
दिन की ड्यूटी करना चाहता था आरोपी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि सुभाष व चांद दोनों एक साथ बूस्टर पर नौकरी करते हैं। सुभाष दिन में ड्यूटी करता है तथा चांद की रात को ड्यूटी होती है। सुभाष दिन में ड्यूटी के साथ-साथ अपनी नाई की दुकान को भी संभालता है। चांद ने कई बार सुभाष को ड्यूटी बदलने की बात कही, लेकिन सुभाष ने ड्यूटी बदलने से मना कर दिया था। चांद ने सुभाष को डराने के लिए रंगदारी मांगने का पत्र लिखा था। रात के अंधेरे में दुकान के बाहर पत्र चस्पा कर दिया, जो उसे अब महंगा पड़ गया है।