हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला स्थित कंपनी में ऑडिट जांच में डेढ़ करोड़ की हेराफेरी पकड़ में आई है। आरोप है कि कंपनी के अकाउंटेट राहुल ने देनदारी के नाम पर गलत खातों में राशि ट्रांसफर कर दी। अब धमकी दे रहा है कि आयकर विभाग में उसकी पत्नी है। कंपनी के मालिक को फंसा देगा। पुलिस ने कंपनी मालिक यूपी के नोयडा के सेक्टर 107 निवासी मानव कथूरिया की शिकायत पर केस दर्ज जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक कंपनी मालिक मानव कथूरिया ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसकी सांपला के नजदीक इस्माईला 11बी के पास कंपनी हैं, जहां 2019 से एक युवक राहुल को अकाउंटेंट के तौर पर रखा था।
वह उसकी अन्य कंपनी का अकाउंट का कार्य भी देख रहा था। अब खातों की जांच करवाई तो ऑडिट के दौरान पता चला है कि अकाउंटेंट ने ग्राहकों का गलत तरीके से नाम लिखकर दूसरे खातों में राशि कंपनी के खातों से भेजता रहा। सीए की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये की राशि गलत खातों में भेजी गई है।
विज्ञापन
कंपनी के मालिक का कहना है कि जब उसने आरोपी अकाउंटेट से बात की तो उसने कहा कि उसकी पत्नी आयकर विभाग के कार्यालय में कार्यरत है। साथ ही कंपनी के खातों का तीन साल का रिकॉर्ड उसके पास है। वह आयकर के खातों में बदलाव कर उसे फंसवा देगा। पुलिस ने कंपनी मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।