पवन की मौत के इंसाफ के लिए परिजन जाएंगे सीएम दरबार
- फतेहाबाद निवासी छात्र का रोहतक के डबल फाटक में मिला था शव, दिल्ली के मुखर्जी नगर में रहकर कर रहा था कोचिंग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे फतेहाबाद निवासी छात्र पवन का शव रोहतक के डबल फाटक ट्रैक पर मिलने की गुत्थी उलझती जा रही है। जीआरपी हत्या या हादसे के बीच उलझी हुई है। वहीं, परिजन पवन की मौत की जांच के लिए सीएम विंडो में शिकायत करने की तैयारी में हैं।
मृतक पवन के भाई आलोक ने आरोप लगाया कि हत्या करके शव को ट्रैक पर डाला गया है। इंसाफ नहीं मिलने पर वह सीएम विंडो में शिकायत देकर जांच की मांग करेंगे। जीआरपी ने दिल्ली में जाकर पवन की कोचिंग की सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। हालांकि फुटेज से उसे कुछ भी सुराग नहीं लगा। वहीं जीआरपी को अब तक पवन का मोबाइल नहीं मिला है। ऐसे में उसकी कॉल डिटेल और नंबर को सर्विलांस में लगाकर कुछ सुराग की उम्मीद है। बता दें कि 20 जनवरी को रोहतक की डबल फाटक ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला था। शव की शिनाख्त फतेहाबाद निवासी पवन के रूप में हुई थी। जीआरपी एसएचओ नरेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।