विक्की बॉक्सर पर पचास हजार का इनाम
-हाईकोर्ट के आदेश पर भाई-बहन की शादी में आने के दौरान हो गया था फरार
-पुलिस की पांच टीमें विक्की की तलाश में छान रही विभिन्न स्थानों की खाक
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। हाईकोर्ट के आदेश पर भाई-बहन की शादी में शामिल होने आने के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार विक्की बॉक्सर पर पचास हजार का इनाम घोषित किया गया है। सीआईए समेत पुलिस की पांच टीमें विक्की को तलाश कर रही हैं।
दो मई को शीला बाईपास पर एएसआई राजबीर के बेटे वीरेंद्र की हत्या के मामले में विक्की और उसके साथी झज्जर जेल में बंद थे। इस दौरान विक्की ने अपने वकील के माध्यम से पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट से 22 जुलाई से 24 जुलाई तक अपने भाई-बहन की शादी के नाम पर छुट्टी ले ली। रोहतक पुलिस ने इसका विरोध भी किया, लेकिन अदालत ने उसे जमानत दे दी। इसके बाद वह शादी में आने के बाद वापस झज्जर जेल में पेश नहीं हुआ।
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि फरार चल रहे विक्की को तलाश करने के लिए सीआईए-1, 2 और तीन समेत पांच टीमें लगी हैं। विक्की पर पचास हजार का इनाम घोषित किया गया।