अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिले के गांव आशियाकी-गोरावास में रक्षाबंधन पर पत्नी के साथ आए नजफगढ़ निवासी एक व्यक्ति की बुधवार शाम करंट लगने से मौत हो गई। पत्नी ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने अन्य लोगों के साथ मिलकर करंट लगाकर उसके पति की हत्या की है। यही नहीं 12 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से मामला दर्ज न करने एवं पोस्टमार्टम में देरी के कारण परिजनों ने नागरिक अस्पताल में हंगामा कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों एवं परिजनों में नोकझोंक भी हुई, हालांकि मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल के बाद मामला शांत हुआ। हंगामा बढ़ते देख थाना रोहड़ाई पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सोनू को इनवर्टर ठीक करने के लिए बुलाया था पड़ोसी ने
नागरिक अस्पताल में विलाप करते हुए पत्नी बिमला ने बताया कि छह अगस्त को नजफगढ़ से आशियाकी-गोरावास राखी बांधने आए थे। बुधवार शाम पड़ोस में रहने वाले प्रदीप ने घर का इनवर्टर ठीक करने के लिए बुलाया था। बिमला का आरोप है कि प्रदीप ने अन्य के साथ मिलकर सोनू की हत्या कर दी। इतना ही नहीं करंट लगने के बाद प्रदीप परिजनों को बिना बताए सोनू शहर के ट्रॉमा सेंटर में ले आया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया
बताया जा रहा है कि सोनू की मौत करंट लगने से हुई है। बिमला की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
-जगदीश, एसएचओ, थाना रोहड़ाई