यूपी से लाए जा रहे 50 किलो गांजे के साथ एक गिरफ्तार
-यूपी के बरेली से हरियाणा के विभिन्न स्थानों पर गांजा सप्लाई कर रहा गिरोह
- बरामद गांजे की कीमत करीब 30 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। यूपी के कई जिलों से हरियाणा में गांजा और अन्य नशीले पदार्थ सप्लाई किए जा रहे हैं। पुलिस ने गिरोह के सदस्य को 50 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरोह के सदस्य से पूछताछ में जुटी है।
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि यूपी के अलीगढ़ और अन्य स्थानों से रोहतक और हरियाणा के अन्य जिलों में भारी मात्रा में गांजा बिक्री के लिए लाया जा रहा है। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा यूपी के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की कार से करीब 50 किलो गांजा बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि यूपी का गिरोह हरियाणा के कई जिलों में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा है। एसपी ने जल्द गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ने का दावा किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब तीस लाख रुपये बताई गई है।