दुकान के सामने से चुराई बाइक, पैदल ले जाते देखा तो चोर को दुकानदारों ने दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। पीली कोठी में दुकान से सामने से ही बाइक चोरी कर ले जा रहे दुकानदार ने चोर को दबोच लिया। आरोपी बाइक को पैदल ही खींचकर ले जा रहा था। दुकानदारों ने आरोपी की धुनाई करके पुलिस को सौंप दिया। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी की पहचान सुनारिया निवासी सोमबीर के रूप में हुई।
पीली कोठी निवासी अमित की मार्केट में हरिओम सेल्स नाम से खाद बीज की दुकान है। शनिवार शाम करीब 3 बजे अमित अपनी दुकान पर था और बाइक दुकान के बाहर खड़ी कर दी थी। अमित कुछ ग्राहकों से बातचीत कर रहे थे। इसी बीच एक व्यक्ति दुकान पर आया। उसने अमित को बताया कि उनकी बाइक को एक युवक पैदल खींचकर पुराने बस अड्डे की तरफ ले जा रहा है। तभी अमित अन्य दुकानदारों के साथ पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद उसकी जमकर धुनाई कर दी। फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में पता लगा रही है। आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।