रोहतक। कलानौर क्षेत्र में शिव मंदिर का रास्ता पूछने के बहाने दो महिलाओं से बाइक सवार तीन युवकों ने कानों की बाली, मंगलसूत्र लूट लिया और फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
आवंल गांव की रहने वाली सिलावंती ने बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह सरोज के साथ खेत में चारा लेने जा रही थीं। रास्ते में एक बाइक सवार मिला। उसने शिव मंदिर का रास्ता पूछा। महिलाओं ने कहा कि यहां पर कोई शिव मंदिर नहीं है। कुछ देर बाद ही एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और उन दोनों से सोने की बाली, मंगल सूत्र अंगूठी आदि लूट ली। मामले की सूचना पुलिस को देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए।
गौरतलब है कि पूर्व में भी देव कॉलोनी से लेकर गोहाना रोड और अन्य स्थानों पर शिव मंदिर का पता पूछने के बहाने महिलाओं से लूट की जा चुकी है पर पुलिस लूट की वारदात पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से नाकाम है। वहीं एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने जल्द गिरोह का खुलासा करने का दावा किया है।