छात्रा से छेड़छाड़ पर स्कूल संचालक ने सरपंच और परिजनों के सामने
बिदरो को जड़े थे थप्पड़, तीन साल बाद बदला लेने के लिए मांगी रंगदारी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
छात्रा से छेड़छाड़ करने पर गांव के सरपंच और परिजनों के सामने स्कूल संचालक ने बदमाश संजीत बिदरो को परिसर में ही कई थप्पड़ जड़ दिए थे। इसी का बदला लेने के लिए तीन साल बाद संजीत ने स्कूल संचालक को धमकी देकर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। दूसरी तरफ स्कूल संचालक ने अजीब तर्क दिया कि संजीत स्कूल में आया था, लेकिन उसने कुछ भी नहीं कहा, जबकि सीसीटीवी फुटेज में संजीत और उसके साथी सरेआम हथियार लहराते हुए नजर आ रहे हैं।
बच्चों को छोड़ने आया था स्कूल, तब की थी छेड़छाड़
करीब तीन साल पहले संजीत के परिवार के बच्चे संबंधित स्कूल में पढ़ाई करते थे। संजीत बच्चों को छोड़ने स्कूल में आया था। इसी बीच उसने एक छात्रा के साथ छेड़खानी की थी। इसके बाद स्कूल संचालक ने तत्कालीन सरपंच और संजीत के परिजनों को बुलाया था। समझौते के तौर पर स्कूल संचालक ने सरपंच और परिजनों के सामने संजीत उर्फ बिदरो को कई थप्पड़ जड़े थे। तभी से स्कूल संचालक संजीत के निशाने पर था।
गुरु जी, मुझे मेरे मां, बाप अर क्राइम गुरु ही थप्पड़ मार सकै और किसे का ब्यौंत कोनी
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्कूल के ऑफिस में जाते ही बिदरो ने स्कूल संचालक से कहा - गुरु जी! पहचान लिया क्या। मैं संजीत बिदरो हूं। फिर आरोपी ने राजेश कंडेला की तरफ इशारा करके कहा कि यह मेरा गुरु है। इसके बाद आरोपी ने संचालक से कहा कि गुरु थामने मेरे को एक बार थप्पड़ मारा था। फिर आरोपी ने संचालक से कहा कि गुरु जी! मुझे मेरे मां, बाप अर क्राइम गुरु ही थप्पड़ मार सकै, और किसे का ब्यौंत कोनी।
रंगदारी के लिए दिया था सात दिन का समय
आरोपी संजीत ने स्कूल संचालक को धमकी दी थी कि सात दिन में दो करोड़ रुपये का इंतजाम होना चाहिए। इस पर संचालक ने कहा कि उसके पास इतने रुपये नहीं हैं। फिर आरोपी ने सात दिन बाद दोबारा आने की बात कही। आरोपी के डर से स्कूल संचालक ने पुलिस को मौखिक तौर पर घटनाक्रम के बारे में तो बता दिया, लेकिन उसने शिकायत देने से इनकार कर दिया।
गार्द में एक-एक पुलिस वाला सीआईए से और तीसरा पुलिस लाइन से
मामले के बाद पुलिस प्रशासन की तरफ से संचालक की सुरक्षा में तीन पुलिसकर्मियों की गार्द को लगा दिया गया। इनमें 1-1 पुलिस वाला सीआईए वन और टू से और एक पुलिसकर्मी को पुलिस लाइन से तैनात किया गया है। बाद में संचालक ने मामले के बारे में बिदरो के परिजनों और ग्रामीणों को भी बताया।
सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुआ 20 मिनट दहशत का मंजर
संजीत और उसके अन्य साथी करीब 20 मिनट तक स्कूल के अंदर रहे। दहशत का यह पूरा मंजर स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। सीसीटीवी कैमरे में छह फरवरी को दोपहर दो बजकर 48 मिनट पर फॉरच्यूनर और क्रेटा गाड़ी आती है। फॉरच्यूनर गाड़ी में से संजीत बिदरो सफेद पेंट और काली शर्ट में उतरकर संचालक के ऑफिस में जाता है। रेकी के बाद संजीत स्कूल से बाहर आता है। इसके बाद गाड़ियों में सवार उसके अन्य साथी दोबारा हथियारों से लैस होकर स्कूल में जाते दिख रहे हैं। संजीत के साथ उसका गुरु राजेश कंडेला उर्फ भारती, दिल्ली के ककरौला निवासी उमेश राणा सहित अन्य बदमाश हथियार लेकर अंदर आते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस छानती रही खाक, 20 मिनट स्कूल और एक घंटा मोखरा में ठहरा गैंग
संजीत बिदरो गैंग के साथ करीब दो घंटे तक जिले में रहा, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। स्कूल संचालक को धमकी देने के बाद आरोपी सीधा मोखरा गांव में पहुंचा। यहां पर वह करीब एक घंटे तक रहा, जबकि पुलिस इधर-उधर खाक छानती रही। आरोपी के मोखरा से चले जाने के करीब तीन घंटे बाद पुलिस को उसकी सूचना मिली। पुलिस ने मोखरा में जाकर पूछताछ की, लेकिन यह पता नहीं चला कि संजीत गांव में किसके पास ठहरा था।
बिदरो को नहीं पहचान पाते पुलिस वाले और आम जन
आरोपी संजीत और उसके गुरु राजेश कंडेला के पुलिस से बार-बार बचकर निकलने एक कारण यह है कि प्रदेश में विशेष पुलिस टीम के अलावा कोई उसे चेहरे से नहीं पहचानता। इस कारण सही समय पर उसकी सूचना पुलिस तक नहीं पहुंचती है। वर्तमान में आरोपी संजीत को रोहतक, झज्जर, सोनीपत, गुरुग्राम और दिल्ली क्राइम ब्रांच के अधिकारी ही पहचानते हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में पुलिस और आम जन आरोपी के चेहरे को नहीं पहचान पाते। इसका फायदा उठा आरोपी सरेआम प्रदेश में घूम रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के अधिकतर ठिकाने रोहतक और गुरुग्राम में है। एक लाख रुपये का इनाम घोषित होने के बाद से आरोपी एसटीएफ के निशाने पर भी है।
स्कूल में आए थे, लेकिन कुछ नहीं कहा : स्कूल संचालक
पूरा मामला सामने आने के बाद भी स्कूल संचालक खौफ के कारण संजीत के खिलाफ कुछ बोलने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि वह लोग स्कूल के सामने से गुजर रहे थे। इसी बीच स्कूल में कुछ देर के लिए आए थे, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा। जब संचालक से सवाल किया गया कि उन्हें पुलिस सुरक्षा क्यों दी गई, इस पर वह कुछ भी बोलने से बचते रहे।
दिल्ली, रोहतक, गुरुग्राम, सोनीपत, झज्जर और हिसार में दर्जनभर केस दर्ज
आरोपी संजीत उर्फ बिदरो पर रोहतक सहित दिल्ली, गुरुग्राम, सोनीपत और हिसार, झज्जर सहित अन्य जिलों में दर्जनभर केस दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट और स्नेचिंग के मामले शामिल हैं। आरोपी करीब डेढ़ साल पहले हिसार के बरवाला रोड स्थित बाल सुधार गृह से छह साथियों के साथ भाग गया था, तभी से उसका कोई सुराग नहीं लगा। कई मामलों में आरोपी भगौड़ा भी घोषित हो चुका है। आरोपी पर रोहतक में पांच से अधिक केस दर्ज हैं। इसी तरह बिदरो के गुरु राजेश कंडेला के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में लूट व मर्डर के कई केस दर्ज हैं। उसने अधिकतर वारदात दिल्ली में की है।
जिप चेयरमैन की हत्या के प्रयास के मामले में उछला था बिदरो का नाम
संजीत उर्फ बिदरो का नाम जिला परिषद चेयरमैन एवं भाजपा नेता बलराज कुंडू की हत्या के लिए तीन शूटर भेजने के मामले में उछला था। मामले में पकड़े गए तीन आरोपियों ने खुलासा किया था कि उन्हें बिदरो ने चेयरमैन की हत्या करने भेजा था। इसके बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। आठ महीने पहले किलोई-लाढ़ौत रोड पर हाल ही में दिल्ली के नांगलोई के निहाल विहार निवासी लव गुप्ता के दोनों पैरों में गोली मारकर उनकी कार को लूटने के मामले में बिदरो का नाम सामने आया था।