बास्केटबॉल खिलाड़ियों की सुनवाई से पहले डीएसओ ने दी सलीके से बात करने की नसीहत
- स्टेडियम में बाहरी लड़की व उसके दोस्तों से परेशान महिला बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने दी शिकायत
अमर उजला ब्यूरो
रोहतक।
छोटूराम स्टेडियम में बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने खेलने से इनकार कर दिया है। इसकी वजह यहां एक बाहरी लड़की व उसके दोस्तों का हस्तक्षेप बताया जा रहा है। महिला खिलाड़ियों की शिकायत पर कार्रवाई करने के जगह डीएसओ ने उन्हें पहले सलीके से बात करने की नसीहत दे डाली है। इधर, कोच को भी यहां से राजीव गांधी खेल परिसर भेजे जाने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी खेल विभाग ने पुष्ठि नहीं की है।
महिला खिलाड़ियों को कहना है कि सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है। जबकि स्टेडियम में महिला खिलाड़ियों से बदसलूकी को लेकर अधिकारी मौन हैं। शिकायत करने पर खेल अधिकारी ने पहले सलीके से बात करने की सलाह दी है। स्टेडियम में एक बाहरी लड़की लगातार आ रही है। यह खिलाड़ियों से अभद्रता करती है। कोच को अपशब्द कहती है। जूनियर खिलाड़ियों के साथ मारपीट करती है। विरोध करने पर बाहरी लड़कों कोे बुला लाती है। ये लड़के स्टेडियम में आकर महिला खिलाड़ियों को परेशान करते हैं। इस कारण खेलना मुश्किल हो गया है। पहले भी यहां खिलाड़ियों को परेशान किया जा चुका है। इस पर कई दिनों तक खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतरी थी। अब फिर वही हालात बन गए हैं। खेल विभाग ने कार्रवाई नहीं की तो मामले की मुख्यालय में बैठे उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
वर्जन :
बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने मुलाकात की थी। शिकायत पर सुनवाई करते हुए परेशानी खड़ी करने वाली लड़की के परिवार को बुलाकर बातचीत की है। उन्हें दोबारा स्टेडियम में हंगामा या किसी तरह की गड़बड़ी नहीं करने के लिए समझा दिया गया है। अब पूरा मामला सुलझ गया है। बाहरी खिलाड़ी स्टेडियम के समय में नहीं खेलेंगे। वे रात के समय खेल सकते हैं। इसके लिए बिजली का प्रबंध कर दिया है। - सुखबीर सिंह बल्हारा, डीएसओ रोहतक
वर्जन :
बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने शिकायत की थी। इसमें एक लड़की के बारे में कहा था। वह उन्हें लगातार परेशान कर रही है। उस समय उसे समझा कर घर भेज दिया था। बाद में वह लड़की अपने दोस्तों के साथ कोर्ट पर आई और महिला खिलाड़ियों के साथ मारपीट करने लगी। इसकी शिकायत डीएसओ को कर दी है। -विकास हुड्डा, बास्केटबॉल कोच, छोटूराम स्टेडियम।