लिफ्ट लेकर लूटी बाइक
- सांपला थाना क्षेत्र में हुई वारदात, बाइक सवार दोनों आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एक बदमाश ने बाइक सवार युवक से लिफ्ट ली और रास्ते में उस पर पिस्तौल तान दी। फिर गोली मारने की धमकी देकर युवक से उसकी बाइक छीनी और अपने साथी के साथ फरार हो गया। इस संबंध में सांपला थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव फरमाना खास निवासी विकास ने बताया कि वह खेड़ी सांपला में एक हवलदार के मकान में किराये पर रहता है। वह कुलताना स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड है। वीरवार सुबह वह अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। जब वह महिला कॉलेज सांपला के सामने पहुंचा तो एक युवक ने बाइक रुकवा ली। उसने विकास से कुछ दूरी के लिए लिफ्ट मांगी। इस पर विकास ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। जब वह नालंदा स्कूल कुलताना रोड पर पहुंचे तो पीछे बैठे लड़के ने कमर पर पिस्तौल लगा दी और बाइक रुकवा ली। कुछ ही देर में आरोपी का दोस्त भी बाइक लेकर आ गया। फिर आरोपियों ने विकास को गोली मारने की धमकी देकर उससे बाइक छीन ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। इसके बाद पुलिस को वारदात के बारे में सूचना दी र्गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।