रोहतक। एक साल पहले सदर थाने में दर्ज दुष्कर्म के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आया है। सेशन कोर्ट ने युवती के बयान को आधार मान आरोपी युवक को एक साल बाद जमानत दे दी है। बता दें कि करीब डेढ़ महीने पहले युवती ने अदालत में बयान दर्ज कराए थे कि उसके साथ कोई गलत काम नहीं हुआ। इससे पहले युवक की जमानत याचिका हाईकोर्ट में भी रद्द हो गई थी।
आरोपी पक्ष के वकील शीशपाल बैनीवाल ने बताया कि करीब एक साल पहले एक गांव में युवती की शादी परिजनों ने तय कर दी। बारात आने वाली थी। युवती को उसके परिजनों ने एक युवक के साथ बातचीत करते हुए देख दिया। आरोप है कि इससे गुस्साए लड़की के परिजनों ने युवक के साथ मारपीट की गई। इसकी एफआईआर उन्होंने सदर थाने में दर्ज करवाई। इसके बाद लड़की ने सदर थाने में शिकायत दी कि युवक न केवल उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि मारपीट भी की। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तभी से आरोपी युवक सन्नी सुनारिया जेल में बंद है। उसकी तरफ से सेशन कोर्ट और फिर हाईकोर्ट में जमानत के लिए अर्जी लगाई गई, लेकिन राहत नहीं मिली। इसी बीच लड़की ने 13 अप्रैल को कोर्ट में बयान दिया कि उसके साथ कोई गलत काम नहीं हुआ। उस बयान को आधार बनाकर दोबारा से सेशन कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की, जिसे मंगलवार को मंजूर कर लिया। अब बुधवार को आरोपी युवक को जेल से बाहर आने की संभावना है।