भिवानी। भिवानी-जींद मुख्य मार्ग पर गांव बास के पास दूसरी गाड़ी को बचाने के चक्कर में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग जख्मी हो गए। गाड़ी में चालक सहित नौ लोग सवार थे। सभी घायलों को उपचार के लिए भिवानी जिला सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां एक महिला की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं बास पुलिस थाना के जांच अधिकारी ने मंगलवार दोपहर बाद भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम कराया।
भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन गांव मिताथल निवासी 72 वर्षीय धर्म सिंह, उसकी 67 वर्षीय पत्नी कृष्णा, 62 वर्षीय होशियार सिंह, 62 वर्षीय कमला, 80 वर्षीय राजकुमारी व 37 वर्षीय सुमन और सुलोचना परिवार के नरेंद्र की स्कारपियो गाड़ी में सवार होकर मंगलवार सुबह दस बजे गांव बास में एक बुजुर्ग महिला की सत्रहवीं कार्यक्रम में शोक जताने जा रहे थे। गांव बास से जब परिवार की सभी महिलाएं स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर गांव मिताथल लौट रहे थे तो दोपहर करीबन साढ़े 12 बजे बास से थोड़ी दूर चलकर भाइजी होटल के पास पहुंचते ही अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे खाई में जा पलटी। स्कॉर्पियो गाड़ी चालक नरेंद्र ने बताया कि भिवानी जींद मुख्य मार्ग पर भाइजी होटल के पास पहुंचे तो उनकी गाड़ी के आगे एक नीले रंग की गाड़ी को चालक लापरवाही से चला रहा था। एक बार तो गाड़ी को ब्रेक लगाकर उसने टक्कर होने से बचाई, मगर दूसरी बार आगे चल रही गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिए और इसी दौरान सामने से ट्रक आ रहा था, इसलिए गाड़ी असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार मिताथल निवासी धर्मवीर, राजकुमारी, सुलोचना, कमला, सुमन, होशियार सिंह, राजेश व कृष्णा बैठे हुए थे। गाड़ी पलटने से सभी को गंभीर चोटें आई जिसके बाद राहगीरों ने उन्हें इलाज के लिए भिवानी के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर पहुंचते ही चिकित्सकों ने कृष्णा पत्नी धर्म सिंह को मृत घोषित कर दिया। इस सड़क हादसे की सूचना बास पुलिस को दी। बास पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआई रमेशचंद्र ग्रेवाल ने बताया कि मृतका कृष्णा के शव का भिवानी के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं बास पुलिस थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी, जिसके बाद थाने से जांच अधिकारी मौके पर भेजा गया था। लेकिन उस समय तक घायलों को राहगीरों ने भिवानी के सामान्य अस्पताल में पहुंचा दिया था। अस्पताल में महिला कृष्णा की मौत हो गई। स्कॉर्पियो गाड़ी चालक नरेंद्र के बयान दर्ज कर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।