रोहतक। जलेबी चौक के पास शौच कर रहे सुनारिया कलां गांव के केबल ऑपरेटर को तीव्र गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी, जिससे व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुनारिया कलां गावं निवासी जोगिंद्र ने बताया कि उसका भाई 30 वर्षीय संजय मंगलवार की रात बाइक पर सवार होकर रोहतक से गांव के लिए आ रहा था। बताया कि जैसे ही जलेबी चौक के पास पहुंचा तो संजय शौच के लिए सड़क किनारे खड़ा था। इसी बीच झज्जर की ओर से तीव्र गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्क र मार दी, जिससे संजय की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब कौन करेगा परिवार का पालन पोषण
मृतक के भाई जोगिंद्र ने बताया कि संजय के परिवार में पत्नी के अलावा बेटा सूर्य और बेटी लतिषा है। सूर्य नर्सरी जबकि लतिषा एलकेजी में पढ़ती है। संजय की मौत के बाद परिवार के समक्ष दो वक्त की रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। संजय की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।