अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। शहर के डबल फाटक पर रात करीब साढ़े आठ बजे अज्ञात युवकों ने आईसक्रीम पार्लर संचालक को चाकू घोंप दिया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। घटना के थोड़ी देर बाद जब उसके परिजन पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में रेलवे लाइन पर पड़ा मिला। इसके बाद उसे पीजीआई में भर्ती कराया गया। देर रात तक घायल का पीजीआई में उपचाराधीन चल रहा था। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
जगदीश कॉलोनी निवासी राहुल चौहान ने बताया कि उसका छोटा भाई डिंपी चौहान सोमवार रात अपने आइसक्रीम पार्लर की तरफ गया था। रात को एक बार पार्लर को चैक करने के लिए जाते हैं। सोमवार रात वह डबल फाटक पर पटरी की ओर से जा रहा था। इसके लिए पुल के नीचे राम मंदिर के पास अपनी एक्टिवा खड़ी की थी। उसके रेलवे लाइन पर चढ़ते ही पीछे से कुछ युवकों ने चाकू से करीब सात वार कर दिए। घटना स्थल से कुछ दूर ही उसके ताऊ का घर है। वहां से ताऊ हमारे घर आ रहे थे। उन्होंने रास्ते में डिंपी को ट्रैक पर लहूलुहान हालत में देखा। इसके बाद तुरंत उसे पीजीआई ले गए। यहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। डिंपी शादीशुदा है। इसे पत्नी अनीता से तीन साल का एक बेटा है। परिजनों ने किसी से रंजिश व झगड़ा होने से इनकार किया है।