लॉरेंस बिश्नोई ने जेल से तैयार कराया ऐप, लोगों की हेल्प करने का दावा
- ऐप को प्रतिदिन किया जा रहा अपडेट, पांच दिनों के अंदर पांच से अधिक वीडियो किए जा चुके है अपलोड
- वीडियो पर मिल चुके हैं चार हजार से अधिक व्यू, पुलिस मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
भले ही गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई वर्तमान में भरतपुर की जेल में बंद हो। लेकिन लॉरेंस के नाम से एक विशेष ऐप बनाया गया है। जिसे प्रतिदिन अपडेट किया जा रहा है। यहीं नहीं ऐप के माध्यम से लोगों की मदद करने का भी दावा किया जाता है। अमर उजाला ने पड़ताल के लिए ऐप के जरिए मदद मांगी लेकिन दूसरी ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया।
गैंगस्टर संपत नेहरा को हरियाणा एसआईटी ने 6 जून को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया था। गैंगस्टर पर जानलेवा हमला, हत्या समेत 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। संपत नेहरा के खिलाफ कारौर के आनंद हत्याकांड में भी मुकदमा दर्ज है।
हैदराबाद से गुरुग्राम लाते समय कोर्ट के आदेश पर हिसार एसआईटी ने संपत नेहरा से पूछताछ की थी। लॉरेंस के संबंध में पुलिस को एक और अहम जानकारी हाथ लगी है।
लॉरेंस ने कुछ दिन पूर्व ही लॉरेंस बिश्नोई के नाम से एक विशेष ऐप तैयार किया है। जिसमें प्रतिदिन लॉरेंस की वीडियो अपलोड की जा रही है। यहीं नहीं ऐप के माध्यम से गैलरी में पड़े फोटो के अलावा फेसबुक को भी खोला जा सकता है। इसके अलावा ऐप में चैटिंग और हेल्प का भी एक ऑप्शन है। डाली गई वीडियो पर अब तक चार हजार से अधिक व्यू मिल चुके हैं। हेल्प वाले ऑप्शन पर क्लिक करते ही मैसेज आता है कि यदि किसी को कोई परेशानी है तो हमारी ईमेल आईडी पर संपर्क करें। ईमेल आईडी का नाम भी दिया गया है।
अमर उजाला ने पांच दिन तक हेल्प के लिए बनी ऐप की पड़ताल की मगर दूसरी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। अब ऐप को जेल में बंद लॉरेंस ने तैयार किया है या फिर किसी अन्य ने बनाया है यह पुलिस की जांच में ही पता चल सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक एकाउंट की हो रही पहले से जांच
लॉरेंस बिश्नोई की प्रतिदिन फेसबुक पर डाली जा रही पोस्ट की रोहतक पुलिस पिछले चार दिन से जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि फेसबुक एकाउंट जेल से ही चलाया जा रहा है या फिर कोई बाहरी व्यक्ति चला रहा है।
लॉरेंस बिश्नोई के नाम से विशेष एप बनाने के मामले की जानकारी हुई है। जांच कराई जाएगी।
- जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी, रोहतक
फोटो परिचय
एमए-1
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से तैयार कराया गया एप
एमए-2
एप पर लोगों की मदद के लिए दिया गया ऑप्शन।
एमए-3
लॉरेंस बिश्नोई का फाइल फोटो