अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिला पुलिस ने दिल्ली से रेवाड़ी आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बिहार के जिला बेगूसराय निवासी अमरजीत उर्फ छोटू, जिला सिवान के गांव रामपुर निवासी दिजय उर्फ विनय और दिल्ली मंगोलपुरी निवासी गंजा उर्फ मोना उर्फ अंकित है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के दो साथी अभी फरार हैं।
जानकारी मुताबिक चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद सोमवार शाम अमरजीत, दिजय, अंकित व दो अन्य युवक स्थानीय रेलवे स्टेशन पर खड़े थे। पांचों की संदिग्ध हरकतों के कारण स्टेशन पर मौजूद आरपीएफ के जवानों ने युवकों से पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान दो युवक भागने में कामयाब हो गए, जबकि तीन को मौके पर ही काबू कर लिया गया। पूछताछ में तीनों ने नई आबादी में चोरी की वारदात को कबूल कर लिया। सूचना के बाद शहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चोरी के दो मोबाइल बरामद कर लिए जबकि एक मोबाइल व लैपटॉप फरार हुए युवक साथ ले गए।
इस संबंध में जांच अधिकारी एएसआइ महिपाल सिंह ने बताया कि गिरोह में शामिल लेडवा नामक युवक मुख्य आरोपी है। वह पहले भी रेवाड़ी में आकर चोरी की वारदातें कर चुका है। दिल्ली में भी उसके खिलाफ चोरी के मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।