- जिला बार प्रधान दीपक कुंडू, पीड़ित वकील सहित अन्य लोग एसपी से मिले
- वकील ने सीआईए 2 की एक एसआई पर लगाया बिना वजह परेशान करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
हिसार जेल से फरार कुख्यात बहु अकबरपुर निवासी संजीत उर्फ बिदरो को बहाना बनाकर सीआईए-2 की टीम बलियाणा के एक वकील के घर लगातार छापामारी कर रही है। कभी वकील को रास्ते में रोककर पूछताछ की जाती है तो कभी उसके घर छापामारी की जाती है। पुलिस कर्मियों की गैर जरूरी कार्रवाई से परेशान होकर पीड़ित वकील राहुल देशवाल जिला बार प्रधान दीपक कुंडू, पूर्व प्रधान लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो सहित अन्य वकीलों और ग्रामीणों के साथ एसपी पंकज नैन से मिले। वकील ने आरोप लगाया है कि सीआईए-2 का एक एसआई गांव के ही एक राजनीतिक आदमी से मिलकर उन्हें परेशान कर रहा है। एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने का आश्वासन दिया है।
एसपी से मिलने पहुंचे बलियाणा निवासी राहुल देशवाल ने बताया कि वह जिला बार एसोसिएशन में वकील है। फिलहाल शहर में रहते है। राहुल ने बताया कि गांव में उनका पुश्तैनी मकान है। मकान में 3 फरवरी को कुछ ग्रामीण व परिवार के सदस्य बैठे थे। तभी छह, सात गाड़ियों में भरकर सीआईए 2 की टीम एक एसआई के नेतृत्व में आई। उस समय मकान में राहुल का भाई अंशु भी मौजूद था। राहुल का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने पहले तो घर में बैठे लोगों के साथ गाली गलौच की। इसके बाद सभी की फोटो लेकर तलाशी ली।
जब पुलिस कर्मियों से छापामारी के बारे में पूछा गया तो एसआई सोमवीर ने बताया कि कुख्यात संजीत उर्फ बिदरो के छिपे होने की सूचना मिली है। इस कारण छापामारी की जा रही है। राहुल का कहना है कि संजीत से उनका कोई लेना देना नहीं है। इसके बावजूद पुलिस लगातार उन्हें परेशान कर रही है। राहुल देशवाल ने बताया कि उन्होंने जून 2013 में वार्ड नंबर 8 से नगर निगम का चुनाव लड़ा था। इसी मामले को लेकर गांव का एक व्यक्ति पुलिस से मिलकर छवि को खराब करने का प्रयास कर रहा है।