अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
डेरा प्रमुख को अदालत की ओर से सोमवार को फैसला सुनाने के मामले में रेवाड़ी में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हैं। पुलिस ने रेवाड़ी से लगती सीमाओं को सील कर दिया है। जांच के बाद ही वाहनों को आगे जाने दिया जा रहा है। डीएसपी हैडक्वार्टर गजेंद्र शर्मा ने बताया कि जिले में करीब 1100 पुलिसकर्मी हैं, इनमें से 400 पुलिसकर्मी बाहर गए हैं। हालांकि जिले में किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं है। इसके बावजूद सुरक्षा प्रबंध कड़े हैं। भिवाड़ी, कोसली सहित अन्य बाहरी इलाकों में करीब 14 नाके लगाए गए हैं। इन नाकों पर जांच के बाद ही वाहनों को जाने दिया जा रहा है। वहीं स्थानीय बस स्टैंड पर पुलिस के जवानों का पहरा रहा। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों की गश्त व निगरानी रही।
सोमवार को रेवाड़ी रोडवेज भी आदेश के बाद ही बसों का संचालन करेगा। डिपो के महाप्रबंधक लाजपत राय ने बताया कि अभी हमने लोकल लेवल पर ही बसें चलाने का निर्णय लिया है। लेकिन फिर भी सोमवार को प्रशासन के आदेश पर ही कोई निर्णय लिया जाएगा।