अपहरण के बाद मजदूर की हत्या, गांव खेरड़ी के बाहर माइनर के पास पड़ा मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक/कलानौर। कलानौर क्षेत्र के खेरड़ी गांव से तीन दिन से अपहृत मजदूर का शव गांव के बाहर बौंद माइनर के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आशंका जताई है कि मजदूर के सिर पर किसी हथियार से वार किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
खेरड़ी गांव का रहने वाला संजय (38) मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह करीब आठ बजे वह घर से मजदूरी करने के लिए निकला था। लेकिन वापस नहीं लौटा। उसको तलाश करने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। इसके बाद अपहरण की आशंका जताते हुए कलानौर थाने में शिकायत दी गई। बुधवार को सुबह के समय गांव के बाहर बौंद माइनर के पास झाड़ियों में संजय का शव पड़ा मिला। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हालांकि परिजनों ने किसी से भी रंजिश की बात से इनकार किया है। सूचना पाते ही एफएसएल इंचार्ज भी मौके पर पहुंच गई थी। हत्या करने के बाद शव को यहां पर लाकर डालने की आशंका जताई गई है।
---
मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले है। जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। - राजेंद्र सिंह, एसएचओ, थाना कलानौर
---
अब कौन करेगा परिवार का पालन पोषण
संजय के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा तीन बेटी और एक बेटा भी है। संजय ही मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। अब परिवार के समक्ष दो वक्त की रोजी रोटी का संकट आन खड़ा हो गया है।