छेड़छाड़ का विरोध करने पर पति ने तोड़ी पत्नी की एक्टिवा
यमुनानगर। थाना सदर यमुनानगर क्षेत्र के एक गांव इशोपुर में एक महिला के पति, ससुर और एक अन्य युवक संग मिलकर उसके छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। जब उसकी पत्नी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी एक्टिवा तोड़ दी, और उसके साथ मारपीट की। मामले में पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर उसके पति और ससुर सहित तीन लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, तोड़फोड़, अभद्र व्यवहार करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इशोपुर निवासी एक महिला ने थाना सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जून को वह किसी काम से अपनी एक्टिवा पर बाहर गई थी। शाम करीब पांच बजे जब वह घर लौटी तो किसी बात को लेकर उसके पति व ससुर ने उससे बहस करनी शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसके पति, ससुर और एक अन्य युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी एक्टिवा तोड़ डाली। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने महिला के आरोपी पति, ससुर और अंकित नाम के युवक पर अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़, मारपीट और तोड़फोड़ सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई चरणजीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।