रोहतक। नासिरपुर बाईपास के नजदीक बाइक सवार युवकों से लूट के आरोप में शुक्रवार को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक युवक पीड़ित का चचेरा भाई भी शामिल है और उसी ने दोस्तों संग लूट की साजिश रची थी। पुलिस ने दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेजा है और रकम भी बरामद कर ली है।
घटना 13 मई की शाम सदर थाना क्षेत्र में हुई थी। एक आरोपी की पहचान मूलत: हिसार के बादशाहपुर निवासी अनुज के रूप में हुई है। वह रोहतक की नेहरू कॉलोनी में रहता है। वहीं, सोनीपत निवासी आकाश राजीव कॉलोनी में रहता है। दो अन्य आरोपी राजेंद्र नगर निवासी सन्नी और रैनकपुरा निवासी सागर हैं। दो नाबालिग भी इनके साथ शामिल थे।
सदर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि हिसार के बादशाहपुर निवासी अक्षय और चचेरे भाई अनुज से नासिर बाईपास के नजदीक 6 बदमाशों ने दो लाख रुपये लूट लिए थे। विरोध करने पर आरोपियों ने अक्षय की बुरी तरह से पिटाई की थी। अनुज के साथ मारपीट की केवल खानापूर्ति की थी। बदमाशों ने अक्षय की ज्यादा पिटाई की थी और अनुज को डराने के लिए एकाध डंडा ही मारा था। पुलिस ने अनुज को संदेह के घेरे में लेकर पूछताछ की तो उसने साजिश का खुलासा कर दिया।