शहरी क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों में मंगलवार से नगर निगम ध्वस्तीकरण कार्रवाई करेगा। इसके लिए 9 अवैध कॉलोनियां चिह्नित की गई हैं। कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका के चलते जिला प्रशासन से निगम ने पुुलिस फोर्स मांगा है।
एटीपी (असिस्टेंट टाउन प्लान) जितेंद्र कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र में कई अवैध कॉलोनियों बन रहीं हैं। लोग जमीन खरीद कर निर्माण कार्य करवा रहे हैं, जोकि गलत है। ऐसी 9 अवैध कॉलोनियों को चिह्नित किया गया है, जहां तेजी से निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। झज्जर रोड के रुपया चौक, सुनारिया बाईपास, भिवानी रोड पर शेर विहार, गद्दी खेड़ी रोड, सेक्टर 34-35 व 36 के पीछे, गांव खेड़ीसाध, इंडस स्कूल के पास, माजरा, सेक्टर-27 व पावर हाउस सुखपुरा चौक के पास कॉलोनियां चिह्नित की गई हैं। इन कॉलोनियों में अवैध निर्माण करने वालों को नोटिस दिया जा चुका है। अब नगर निगम प्रशासन मंगलवार से ध्वस्तीकरण कार्रवाई करेगा। निगम के संयुक्त आयुक्त सुरेश कुमार ने बताया कि अवैध कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण के लिए जिला प्रशासन से पुलिस फोर्स मांगा गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को कॉलोनियों में रैंप, सीढ़ी बनाकर किए गए अतिक्रमण को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस बल मांगा है। पुलिस फोर्स मिलने के बाद ही तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।