रोहतक। प्रदेश में एक ओर एक्सपर्ट दावा कर रहे हैं कि कोरोना पीक पर है। जबकि दूसरी ओर संक्रमितों की संख्या का ग्राफ गिर रहा है। इसकी मुख्य वजह सैंपलिंग की संख्या में गिरावट को माना जा रहा है, क्योंकि नॉन मेडिकल रिजन वाले व्यक्तियों से आरटी पीसीआर, एंटीजन व एंटीबॉडी जांच की फीस ली जा रही है। इसका असर यह है कि सैंपलों की संख्या आधी रह गई है। हैरानी तो इस बात की है कि प्रतिदिन 2000 से अधिक सैंपलों की जांच करने की क्षमता रखने वाला पीजीआईएमएस 1505 में से 756 सैंपल वेटिंग में दिखा रहा है।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के जारी हेल्थ बुलेटिन में जिले में 59 नये संक्रमितों के साथ कोरोना के मरीजों की संख्या 6598 बताई गई है। इसमें कोरोना के सक्रिय मरीज 713 हैं और इसमें से 21 पीजीआईएमएस में उपचाराधीन हैं तथा 692 होम आइसोलेट हैं। अब तक 5816 कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं और संक्रमण के उपचार के दौरान 69 दम तोड़ चुके हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4.81 प्रतिशत के हिसाब से चल रहा है और रिकवरी रेट 88.1 प्रतिशत हो गया है। शनिवार को सेक्टर 14, सेक्टर तीन में तीन, सीआईडी स्टाफ, सांपला में तीन, कलानौर में दो, कन्हेली, एकता कॉलोनी, रेलवे रोड, डीएलएफ कॉलोनी में दो, खरैंटी में सैनिक, गढ़ी मोहल्ला में दो, राजीव नगर, सेक्टर एक में तीन, सेक्टर चार में तीन, कृष्णा कॉलोनी, हैफेड रोड, शिवाजी कॉलोनी, नेहरू कॉलोनी में पीएनबी बैंक मैनेजर, श्रीराम नगर, मॉडल टाउन, आईसीआईसीआई बैंक की महिला, ग्रीन रोड, सुभाष रोड का अधिवक्ता, जिला जेल का छात्र, खरकड़ा में दो, सलारा मोहल्ला, माता दरवाजा, जनता कॉलोनी, सेक्टर दो, चिन्योट कॉलोनी में दो, सुभाष नगर में दो, हरी सिंह कॉलोनी, पहरावर, अर्जुन नगर, पुलिस लाइन, आदर्श नगर, महम में दो, एमडीयू कैंपस में स्टाफ नर्स, हैफेड चौक, उत्तम विहार में सुरक्षा गार्ड, बसाना में तीन संक्रमित मिले हैं।