जिले में कोरोना धीरे-धीरे पांव पसार रहा है। पीजीआईएमएस में चिकित्सक के बाद शुक्रवार को शहर की 12 साल की बच्ची भी कोरोना संक्रमित मिली है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि वह केस का ऑडिट होने के बाद संक्रमित मरीज को अपने रिकॉर्ड में दर्ज करेगा। इसके साथ ही जिले में अब कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या पांच हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले में पांच सक्रिय मरीज हैं। इनमें से एक अस्पताल व चार घरों में आइसोलेशन में हैं। विभाग मेें शुक्रवार को 1455 लोगों के सैंपल लिए गए और इसमें से 868 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। जिले में संक्रमण दर 4.79 प्रतिशत व रिकवरी रेट 97.71 प्रतिशत है। इधर, टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को 5998 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें से 3012 को पहली व 3986 को दूसरी डोज लगाई गई। विभाग अब तक 944085 लोगों को वैक्सीन लगा चुका है। टीकाकरण के लिए विभाग की ओर से एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। इसके जरिये शुक्रवार को सुभाष चौक पर लोगों को वैक्सीन लगाई गई।