रोहतक। लैब में हुई मीटर की जांच से संतुष्ट नहीं हूं। मीटर की दोबारा से जांच करवाई जाए। क्योंकि पहले और अब के बिल में काफी अंतर है। मेहनत की कमाई है ऐसे कैसे ज्यादा आया हुआ बिल भर दूं। शुक्रवार को बिजली निगम जनता दरबार में पहुंचे सोनीपत शहर निवासी अवतार ने अधिकारियों के समक्ष बात कही। इस पर बिजली निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंदन सिंह ने दोबारा से जांच करवा रिपोर्ट मंगवाई है। जनता दरबार में छह उपभोक्ता शिकायत लेकर पहुंचे, जिनमें से तीन का समाधान हुआ।
राजीव गांधी विद्युत भवन के मुख्य आफिस में लगे जनता दरबार में सुबह 10 बजे ही उपभोक्ता पहुंचने शुरू हुए। वहीं दूसरी शिकायत में जगदीश कॉलानी से पहुंचे उपभोक्ता जगदीप ने कहा कि बिल ज्यादा आने के कारण उसका राशन कार्ड तक कट चुका है। मीटर की जांच करवाई जाए, ताकि सब कुछ स्पष्ट हो सकें। इसमें चीफ आफिसर ने उपभोक्ता का मीटर उतरवाकर उसकी जांच और सब मीटर लगाने के आदेश दिए है। वहीं बहुअकबरपुर से पहुंचे जयदेव ने बताया कि बिल भरने के बाद अधिकारियों ने इसे रजिस्टर में अपडेट नहीं किया, जिसके कारण यह दोबारा से जुड़कर आया हुआ है। इसके लिए वह पहले भी आ चुका है लेकिन समाधान नहीं हुआ। वहीं एसडीओ को इसकी जांच सौंपी गई है।
बाक्स
एक लाख से तीन लाख रुपये तक संबंधित बिलो की हुई सुनवाई
खिड़वाली गांव से बिजली चोरी से संबंधित मामला भी दरबार में पहुंचा, लेकिन उनकी शिकायत नहीं सुनी गई। वहीं एक लाख रुपये से कम के दो मामले दरबार में पहुंचे, उन्हें भी एक्सईन के पास भेजा गया। उनकी भी सुनवाई नहीं की गई। सीजीआरएफ की बैठक में सिर्फ एक लाख रुपये से लेकर तीन लाख रुपये से संबंधित बिलो की ही सुनवाई की जाती है।