कांग्रेस के लिए हरियाणा की एक-एक विधानसभा सीट कितनी महत्वपूर्ण है, इसका अंदाजा वार रूम की रणनीति और फुर्ती से लगाया जा सकता है। वार रूम से जुड़े एक सूत्र का कहना है कि हरियाणा विधानसभा के चुनाव उम्मीद से कुछ दिन पहले घोषित होने के कारण कांग्रेस आलाकमान को रणनीति में बदलाव करना पड़ा। पहली चुनौती टिकट वितरण और दूसरी प्रत्याशी घोषित होने के बाद विरोध को रोकने की थी।
इसके लिए प्रभारी महासचिव, नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष को स्ट्रेटजी के साथ मैदान में उतारा गया। इसके बाद सामने आई प्रदेश के बड़े नेताओं की गुटबाजी। इसको रोकने के लिए आलाकमान ने कुछ नरम-कुछ गरम रुख अख्तियार किया। फिर चुनावी रणनीति और जीत का फार्मूला बनाने के लिए वार रूम को आलाकमान ने हरियाणा में सक्रिय कर दिया। इसकी निगरानी भी आलाकमान खुद कर रहा है। वार रूम एक-एक विधानसभा सीट के लिए हर सप्ताह प्रोग्रेस रिपोर्ट तैयार कर रहा है। सर्वे टीम के सदस्यों को कुछ सीटों के नाम दे दिए जाते हैं और उनसे 24 घंटे में अपनी रिपोर्ट एक एक्सल शीट में तैयार कर देनी होती है। इसी के आधार पर पार्टी क्षेत्रवार संसाधन का बंटवारा, नेताओं के दौरे और सेलेब्रिटी को प्रचार में उतारने की तैयारी कर रही है।
हरियाणा में जो सर्वे टीम सीधे वार रूम से जुड़ी है, वह राज्य में पार्टी के बड़े नेताओं की स्वीकार्यता का डाटा भी जुटा रही है। वह अपने सर्वे में एक सवाल यह भी पूछते हैं कि राज्य कांग्रेस का कौन नेता यहां के लोगों की उम्मीदों पर ज्यादा खरा उतर सकता है। किरण चौधरी के साथ जो हुआ और उन्होंने जो कदम उठाया, उससे आलाकमान सतर्क है और वह अब उस स्तर के किसी अन्य नेता को खोना नहीं चाहता। बड़े नेताओं के चुनाव क्षेत्र में भी सर्वे टीम पता कर रही है कि उन्होंन वहां कौन-कौन से विकास के काम कराए और उनसे जनता को कितना लाभ मिला। सबसे रोचक तो यह है कि सर्वे टीम दिग्गज नेताओं के बारे में यह भी पता कर रही है कि अपनी निधि का कितना फीसदी उन्होंने खर्च किया। उससे जो काम हुए वह किसी खास गांव या इलाके में तो सीमित नहीं हैं।