जून माह की पेंशन के लिए शुक्रवार को शिमली के सैकड़ों ग्रामीण लघु
सचिवालय में पहुंचे। पेंशन धारकों ने पहले तो सीटीएम मनोज खत्री के समक्ष
दुखड़ा रोया। फिर जिला समाज कल्याण अधिकारी महावीर गोदारा के पास पहुंचे।
जब वहां से सही जवाब नहीं मिला तो वापस सीटीएम खत्री के पास गए।
खत्री ने
कहा कि यह मामला एसपी ने सिविल लाइन थाने के एसएचओ को जांच के लिए दे दिया
है। क्योंकि बीडीओ ऑफिस से 2,78,700 रुपये का चेक गुम हुआ है। जल्द ही उनकी
समस्या का समाधान कर दिया जाएगा और उनके खातों में जून माह की पेंशन भी आ
जाएगी।
गांव के पेंशन धारकों ने बताया कि जून महीने की पेंशन उनके खाते
में नहीं आई है। जब समाज कल्याण विभाग में पूछा तो कर्मचारी ने कहा कि
पेंशन बीडीओ कार्यालय में चली गई है। पांच माह बाद भी यह पेंशन नहीं मिली।
इसलिए दोबारा से गांव के करीब 150 पेंशन धारक लघु सचिवालय में आए और सीटीएम
से मुलाकात की।
]वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी महावीर गोदारा ने बताया कि
बीडीओ ऑफिस से जून माह की पेंशन का चेक गुम हुआ है। इसमें एफआईआर दर्ज करा
दी गई है। इसकी शिकायत भी चंडीगढ़ मुख्यालय में भेज दी गई है। मुख्यालय से
दोबारा से पेंशन राशि आने के बाद इसे पेंशन धारकों के खातों में डाल दी
जाएगी।