रोहतक। सांपला स्थित फैक्टरी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर से बहादुरगढ़ में छीने गए मोबाइल से नीरज बवाना गैंग के नाम पर पांच लाख की चौथ मांगी गई थी। बहादुरगढ़ पुलिस की गिरफ्त में आए झज्जर जिले के गांव खरहर के युवक अंशु उर्फ आसू ने पूछताछ में यह खुलासा किया है। अब सांपला पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी।
पुलिस के मुताबिक 16 फरवरी को सांपला निवासी सुरेंद्र ने दी शिकायत में बताया कि वह रोहतक रोड स्थित फैक्टरी में सिक्योरिटी सुपरवाइजर है। 14 फरवरी की शाम करीब 7 बजकर 50 मिनट पर उसके पास फोन आया। फोन करने वाले युवकों ने कहा कि उन्हें पांच लाख रुपये चाहिए। अगर पैसे नहीं दिए तो कंपनी से बाहर निकलते ही जान से मार देंगे। साथ ही कहा कि वे नीरज बवाना गिरोह से हैं। डर के चलते पीड़ित दो दिन से घर से बाहर नहीं निकला। सांपला थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ दबाव डालकर अवैध वसूली करने का प्रयास करने का केस दर्ज किया था।
बहादुरगढ़ की सीआईए द्वितीय ने किया खरहर के युवक को काबू
पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला कि 14 फरवरी को गुरुग्राम व सोनीपत में भी धमकी भरे फोन गए हैं। वहां की पुलिस भी सक्रिय है। इसी बीच बहादुरगढ़ की सीआईए द्वितीय ने बहादुरगढ़ से छारा रोड से एक युवक को देसी पिस्तौल सहित काबू किया। पूछताछ में युवक की पहचान अंश उर्फ आशु निवासी खरहर के तौर पर हुई।
फोन छीनकर एक साथ सोनीपत, रोहतक व गुरुग्राम कॉल करके मांगी चौथ
बहादुरगढ़ पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 13 फरवरी को गांव मांडोठी के एरिया से एक व्यक्ति से उसका मोबाइल फोन छीना। साथ ही छीने गए फोन से 14 फरवरी को सोनीपत के खरखौदा, रोहतक के सांपला व गुरुग्राम में अलग-अलग लोगों को फोन करके चौथ मांगी।
वर्जन-
सांपला में फैक्टरी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर से नीरज बवाना गैंग के नाम पर चौथ मांगने के मामले का खुलासा हो गया है। बहादुरगढ़ पुलिस ने खरहर के युवक अंशु उर्फ आशु को काबू किया है। पूछताछ में उसने सांपला में भी चौथ मांगने का राज खोला है। जल्द पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी।
- इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी सांपला