रोहतक के सनफ्लैग अस्पताल में रक्तदान करने के दौरान सोनीपत के एक युवक की मौत मामले में परिजन धरने पर बैठे हैं। लेकिन प्रशासन की तरफ से भी अभी तक कोई मदद नहीं की गई है। महिला पुलिस समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है।
रोहतक में रक्तदान के बाद युवक की हुई मौत के मामले में परिजन पिछले 18 घंटे से शव को सड़क पर रखकर सनफ्लैग अस्पताल के सामने बैठे हुए हैं। बड़ौदा के विधायक इंदुराज नरवाल भी रात के समय परिजनों के साथ धरना स्थल पर बैठे थे। लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा अभी तक भी परिजनों से कोई बातचीत नहीं की गई है।
विज्ञापन
शीला बाइपास स्थित सनफ्लैग अस्पताल में रक्तदान करने के दौरान सोनीपत के एक युवक की मौत हो गई थी। परिजनों द्वारा बताया जा रहा है कि रक्तदान के दौरान भी मृतक मनीष को चक्कर आए थे। लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही के चलते उसे संभाला नहीं गया। हालत ज्यादा खराब होने के बाद परिजनों सउसे खानपुर पीजीआई लेकर गए लेकिन मनीष ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था।
उसी के बाद से परिजन रोहतक के अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं शाम के समय मंगलवार को हंगामा भी किया गया लेकिन प्रशासन की तरफ से भी अभी तक कोई मदद नहीं की गई है। महिला पुलिस समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। परिजनों द्वारा सोनीपत की तरफ जाने वाली सड़क को दोनों तरफ से जाम किया हुआ है।