ब्राह्मणवास स्थित गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज में 104 बेड का कोविड केयर सेंटर स्थापित किया गया है। जहां ऑक्सीजन समेत तमाम सुविधाएं मौजूद हैं। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने एसपी राहुल शर्मा के साथ कॉलेज का दौरा कर यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि कोरोना से निपटने को प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है। वह, एसपी शर्मा और अन्य अधिकारी लगातार गांवों के आइसोलेशन व कोविड केयर सेंटरों का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में ब्राह्मणवास कॉलेज के कोविड केयर सेंटर में मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने बताया कि इस कॉलेज में कोरोना मरीजों के लिए बेड, ऑक्सीजन, दवाएं, मेडिकल स्टाफ, सफाई कर्मचारी, टॉयलेट, बिजली, पानी व अन्य जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं। दौरे का मकसद उन्हीं को जांचना था ताकि आपात स्थिति में इनका प्रयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि यहां के मेडिकल स्टाफ को दूसरी जगहों पर बनाए कोविड केयर सेटरों में भी उपयोग किया जाएगा। ताकि कोरोना संक्रमित लोगों को फायदा मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि बीमारी गंभीर है, लेकिन हम अपने प्रयासों से ही इस पर काबू पा सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जा रही गाइडलाइन का पालन करें। बीमारी के लक्षण दिखते ही निर्धारित सेंटर पर जाकर टेस्ट करवाएं। ताकि समय रहते उचित उपचार उपलब्ध करवाया जा सके। इस मौके पर एसडीएम राकेश सैनी, सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला, भूजल वैज्ञानिक दलबीर राणा और गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेदिक कॉलेज के प्राचार्य जेपी शर्मा भी मौजूद थे।