लॉकडाउन के बावजूद दुकान खोलने वालों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी है। वीरवार को निगम की टीम ने मानसरोवर पार्क के सामने 3 मार्बल शॉप व किला रोड बाजार में एक आभूषण व दो गारमेंट्स की दुकानों को सील कर दिया। साथ ही झज्जर रोड पर दुकान खोलकर सामान बेच रहे 4 दुकानदारों पर 2-2 हजार रुपये जुर्माना किया। इसके अलावा शाम को हिसार रोड पर शाम छह बजे के बाद रेहड़ी लगाकर सामान बेच रहे लोगों को हटाया।
कोरोना संक्रमण के चलते 24 मई तक लॉकडाउन लागू है। निगम के मुताबिक शिकायत मिली कि कुछ मार्बल विक्रेता लॉकडाउन के बावजूद माल बेच रहे हैं। सुबह करीब 10 बजे निगम की टीम मानसरोवर पार्क के सामने पहुंची और तीन मार्बल शॉप पर दो-दो कर्मचारियों को ग्राहक बनाकर अलग-अलग स्कूटी पर भेजा। मार्बल विक्रेता को शक न हो, इसलिए टीम में एक पुरुष व एक महिला कर्मी को शामिल किया गया। तीनों मार्बल शॉप पर मैनेजर व श्रमिक मिले। एक टीम ने मार्बल खरीदने के बारे में पूछताछ की। तय हुआ कि मार्बल का पत्थर 90 रुपये प्रति वर्ग गज मिलेगा। माल शुक्रवार तड़के उठवाया जाएगा। टीम ने मार्बल पत्थर का मोलभाव कर रहे कर्मचारी की वीडियोग्राफी कर ली। तत्काल इंतजार कर रही छापामार टीम को सूचना दी। टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। आधा दर्जन श्रमिकों को लॉकडाउन के बावजूद कामकाज करने पर हिरासत में लिया गया। दुकानों के मैनेजर उस समय तक जा चुके थे। ऐसे में तीनों दुकानों के गेट बंद कर सील लगा दी गई।
दोपहर झज्जर रोड तो शाम को किला रोड पर कार्रवाई
मानसरोवर पार्क के पास कार्रवाई के बाद निगम की टीम दोपहर एक बजे झज्जर रोड पर पहुंची, जहां चार दुकानदारों का 2-2 हजार रुपये का चालान किया गया। दुकानदार नियम ताक पर रखकर सामान बेच रहे थे। पुलिस की मौजूदगी के चलते किसी ने विरोध नहीं किया। वहां से टीम रेलवे रोड होते हुए भिवानी स्टैंड पर पहुंची और शहर में गश्त की। इसके बाद शाम करीब साढ़े 5 बजे टीम को सूचना मिली कि किला रोड पर कुछ दुकानदार सरेआम रेडीमेड कपड़ा बेच रहे हैं। तत्काल टीम ने छापा मारकर पहले तो वीडियोग्राफी की। इसके बाद दो रेडीमेड कपड़े व एक आभूषण शॉप को सील कर दिया।
शटर बंद कर बाहर लगाया काउंटर, निगम ने सील की दुकान
वीरवार शाम निगम की टीम किला रोड पर पहुंची। एक आभूषण व्यापारी शटर बंद करके बाहर काउंटर लगाकर जेवरात को लेकर ग्राहकों से बातचीत कर रहा था। निगम की टीम ने उसकी वीडियोग्राफी की। दुकानदार ने कहा कि उसकी दुकान बंद हैं। वह कोई नियम नहीं तोड़ रहा है। पुलिस की मौजूदगी में निगम की टीम ने कहा कि काउंटर बाहर लगाकर ग्राहकों से मोलभाव नहीं किया जा सकता। बहसबाजी के बाद दुकान को निगम ने सील कर दिया।
11 बजे के बाद न लगाएं रेहड़ी, निगम ने चौक व चौराहों से हटाया
प्रशासन की तरफ से रेहड़ी लगाकर फल व सब्जी बेचने के लिए 11 बजे तक का समय दिया गया है। बावजूद इसके चौक व चौराहों पर रेहड़ी वाले एकत्रित होकर सामान बेचते हैं। निगम की टीम ने शाम को पुलिस के साथ गांधी कैंप, शिवाजी कॉलोनी, गोहाना अड्डा, हिसार रोड व पुरानी सब्जी मंडी चौक के नजदीक रेहड़ी वालों केे हटाया। चेताया कि अगर नियम तोड़ तो रेहड़ी जब्त कर ली जाएंगी।
निगम ने तीन मार्बल शॉप, दो रेडीमेड गारमेंट व एक आभूषण शॉप को सील किया है। जबकि चार दुकानों का 2-2 हजार रुपये का चालान किया गया है। इसके अलावा रेहड़ी वालों को चौक व चौराहों से हटाया गया है। जुर्माना जमा कराने के बाद ही सीट हटाई जाएंगी।
- सुरेंद्र गोयल, एलओ, नगर निगम