रोहतक। दिल्ली की युवती के सुसाइड केस में एएसजे डॉक्टर गगनगीत कौर की अदालत में सुनवाई हुई। पुलिस ने अदालत को बताया कि मृतका के नाखून के अंदर खून के नमूने मिले हैं। उनका आरोपी युवक के डीएनए से मिलान किया जाना है। इसके लिए टेस्ट कराने की अनुमति दी जाए। जबकि बचाव पक्ष ने कहा कि खून के नमूने लड़की के भी हो सकते हैं। ऐसे में पहले लड़की के डीएनए से मिलान किया जाए। दोनों पक्षों की बहस के बाद अब अदालत ने 17 अप्रैल की तारीख तय की है।
बचाव पक्ष के वकील सुशील पांचाल ने बताया कि मई 2022 में सनसिटी के बीपीएल फ्लैट में एक युवती का शव मिला था, जो फंदे से लटका हुआ था। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच की। इसके बाद मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए। उसके ताऊ ने बताया कि उसकी भतीजी दिल्ली के मुखर्जी नगर में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। तिलक नगर निवासी जितेंद्र उसके ऊपर शादी करने का दबाव डालता था, लेकिन परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। दबाव डालकर आरोपी ने उसे रोहतक बुला लिया। इसके बाद शादी का दबाव बनाकर आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि बाद में आरोपी जितेंद्र को जमानत मिल गई थी।
केंद्र की लैब में खोला जाएगा युवती के मोबाइल का लॉक
बचाव पक्ष ने अदालत में अर्जी दाखिल कर बताया था कि युवती ने आत्महत्या जितेंद्र नहीं, बल्कि अपने परिजनों के दबाव में आकर की थी। इसके लिए उसके मोबाइल डाटा की जांच की जाए। पुलिस ने लड़की व लड़के के मोबाइल को जांच के लिए पंचकूला लैब में भेजा था, लेकिन वहां पर लड़के मोबाइल का लॉक तो खुल गया, लेकिन लड़की के मोबाइल का लॉक नहीं खुल सका। अब लड़की के मोबाइल को पुलिस केंद्र सरकार की दिल्ली स्थित लैब में भेजेगी।