रोहतक। एक सप्ताह में तीन वारदात अंजाम देकर सनसनी फैलाने वाले 10 हजार के इनामी नवीन उर्फ भंडर को पुलिस ने रिमांड के बाद अदालत में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ 12 से ज्यादा केस दर्ज है, जिनमें से तीन में पुलिस को उसकी तलाश थी।
पुलिस के मुताबिक खिड़वाली गांव निवासी रवि ने अक्तूबर 2021 में शिकायत दी थी कि आधी रात को वह लघुशंका के चलते घर से बाहर आया। बाहर गली में गांव निवासी नवीन उर्फ भंङर अपने साथी मंदीप उर्फ भोली, जतिन व आशीष निवासी गंगाना तेज आवाज में ट्रैक्टर ट्रॉली पर गाना बजा रहे थे। उसने विरोध किया किया तो उसके साथ मारपीट की गई। आरोपी घर पर फायरिंग करके फरार हो गए। इतना ही नहीं, 26 अक्तूबर को सांघी गांव निवासी विशाल उर्फ विशु को सांघी गांव में ही चलती बाइक पर गोली मारी गई। जबकि 28 अक्तूबर को खिड़वाली गांव स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में बैंक सखी कर्मचारी से 90 हजार रुपये की लूट हुई। एक सप्ताह में हुई तीन वारदात में पुलिस को नवीन उर्फ भंडर की तलाश थी, जो अब पुलिस के हाथ आया था। पुराने मामलों में आरोपी गिरफ्तार हो चुकी है। उसके खिलाफ रोहतक के अलावा सोनीपत व बहादुरगढ़ में केस दर्ज हैं।