-विदेश भेजने के नाम पर युवाओं को शिकार बना रहे शातिर
मनोज कुमार
रोहतक। अगर आप विदेश में जाने और नौकरी करने की सोच रहे हैं तो जल्दबाजी न दिखाएं। सजग हों, क्योंकि रोहतक में वर्क वीजा पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले मौके की तलाश में घूम रहे हैं।
पिछले एक साल में रोहतक में 10 से अधिक लोगों के साथ विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की जा चुकी है। इतना ही नहीं ठगों ने विदेश में यदि भेज भी दिया है तो वहां पर उनको यातनाएं दी गई हैं, जबकि कई युवाओं को जेल तक में रहना पड़ा है। ऐसे ही एक प्रकरण में ठगों ने विदेश में लोगों को बंधक बनाकर फिरौती भी वसूली।
कनाडा भेजने के नाम पर की जाती है ठगी
हरियाणा और पंजाब के युवाओं में कनाडा जाने के लिए बड़ा ही उत्साह है। इसके लिए वह अपनी जमीन बेचकर भी वहां जाने के लिए लालायित रहते हैं। कनाडा भेजने के नाम पर कई युवकों के साथ ठगी हुई है और उनसे वहां पर डरा-धमकाकर रुपये भी वसूले गए।
एकाध मामले में ही हुई गिरफ्तारी
रोहतक में विदेश भेजने के नाम पर 20 से अधिक लोगों से ठगी हुई है, लेकिन किन्हीं कारणों से केस केवल 10-12 लोगों ने ही दर्ज कराया है। मगर इनमें भी कुछ प्रकरण में ही धोखाधड़ी करने वालों की गिरफ्तारी हो पाई है, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं।
-
केस एक
एक जनवरी 2024 वर्क वीजा पर जर्मनी (विदेश ) में भेजने और नौकरी लगवाने के नाम कलानौर क्षेत्र के गांव माडौदी निवासी हसीन अहलावत से उनके दो भाइयों प्रदीप और सतपाल को वर्क वीजा पर जर्मनी भेजने के नाम पर 20-20 लाख की रुपये की ठगी हुई। कलानौर में गांव गढ़ी छज्जू निवासी दीपक और सिल्ला पर केस दर्ज किया गया।
-
केस दो
-30 सितंबर 2024 को भरत कॉलोनी निवासी सूरज को विदेश भेजने के नाम पर 16.5 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में पंजाब-लुधियाना जीवनपुर निवासी लखविंदर व सैंटी पर केस दर्ज कराया।
-
केस तीन
14 अगस्त 2024 को विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर रोहतक में किसी काम से आए भिवानी निवासी सुधीर से 1.5 लाख रुपये की ठगी कर ली। घटना को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी लोकेश ने अंजाम दिया था।
केस चार
29 जून-2024 रिटौली निवासी सुनील को कनाडा का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर 23 लाख की ठगी की थी। सतीश नामक व्यक्ति पर विदेश भेजने के नाम पर केस दर्ज किया गया था।
-
पुलिस की ओर से समय-समय पर लोगों को साइबर क्राइम और धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करने के लिए गाइड लाइन जारी की जाती है। ठगों से बचने के लिए सचेत रहना जरूरी है। इन सभी प्रकरणों में जांच चल रही है कि और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
रवि खुंडिया, डीएसपी मुख्यालय।