महम। भिवानी डिस्ट्रीब्यूटरी में 45 दिन बाद एक सप्ताह के लिए पानी आया है। इस कारण नहर में पानी आने के बावजूद माइनर सूखी है। इससे महम क्षेत्र के खेतों व जलघर को पानी की आपूर्ति करना मुश्किल होगा। किसानों ने राजनीतिक द्वेष के चलते भेदभाव करने का आरोप लगाया है।
किसान राजू नंबरदार, बबलू नंबरदार, चंद्र दलाल, जसमेर गोयत और धर्मबीर का कहना है कि भिवानी सब ब्रांच से निकलने वाली बहलबा माइनर का पानी रोककर दादरी भेजा जा रहा है। यह एक खास क्षेत्र को पानी से वंचित रखने की साजिश है। यहां कांग्रेस विधायक है। सरकार भाजपा की है। यहां की जनता से बदले की भावना रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
किसान राजा, सुखबीर दूधिया, केशव मलिक और पदम सिंह का कहना है कि सिंचाई विभाग के अधिकारी राजनीतिक दबाव में कार्य कर रहे हैं। महम क्षेत्र के अधिकारियों का अधिकार क्षेत्र जिले के सिंचाई विभाग के अधीन किया जाए। इससे महम जलघर तक पानी पहुंचाना आसान होगा।
माइनर की संतोषजनक सफाई नहीं की जाती है। इस कारण आने वाले दिनों में जलसंकट गहरा सकता है। गेहूं व हरे चारे की फसल में अब पानी की जरूरत है। इस बारे में कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं।
शुक्रवार को किसानों ने बहलबा माइनर पर प्रदर्शन कर पानी की मांग की। महम विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी रहे दीपक हुड्डा से मिलकर पानी दिलाए जाने की अपील की। दीपक हुड्डा ने एक्सईएन से बात करने का आश्वासन देते हुए कहा कि बहलबा माइनर में पानी नहीं छोड़ा गया तो खुद जाकर पानी खोलने का काम करेंगे।
वर्जन
इस मुद्दे को विधानसभा में उठा चुके हैं। इसके बावजूद बहलबा माइनर के पानी को दादरी नहर में छोड़ा जा रहा है। सरकार जानबूझकर ऐसा कर रही है। यह क्षेत्र की जनता से भेदभाव है। पानी का समान बंटवारा होना चाहिए। नहर में एक माह में 15 दिन पानी चलना चाहिए।
-बलराम दांगी, विधायक, महम
वर्जन
पानी कम मिल रहा है। इसी कारण बहलबा माइनर का पानी रोका गया है। ज्यादा पानी छोड़े जाने की मांग की गई है। जलघरों में पानी पहुंचाने की प्राथमिकता है। दादरी में जलघर भरने के बाद बहलबा माइनर में पानी छोड़ा जाएगा।
-दीपांशु, एसडीओ, बौंद डिवीजन।
फोटो 05 बहलबा माइनर में पानी न आने से नाराज माइनर दिखाते किसान । संवाद
फोटो 05 बहलबा माइनर में पानी न आने से नाराज माइनर दिखाते किसान । संवाद
फोटो 05 बहलबा माइनर में पानी न आने से नाराज माइनर दिखाते किसान । संवाद
फोटो 05 बहलबा माइनर में पानी न आने से नाराज माइनर दिखाते किसान । संवाद