रोहतक। शहर के हिसार चौक के नजदीक शनिवार को सड़क पर लगे जाम के दौरान एक ऑडी कार चालक ने ईको कार को टक्कर मार दी। इससे ईको कार का बंपर टूट गया। इस पर ईको सवार पानीपत के युवक ने नीचे उतरकर ऑडी कार चालक को रोका तो उसने कार से उसे कुचल डाला। साथी उसे पीजीआई ले गए जहां देर रात युवक की मौत हो गई। मामले में आधी रात को सिटी थाने में ऑडी चालक और उसके साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पानीपत के थर्मल प्लांट निवासी महाबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को उसका 28 वर्षीय बेटा सागर अपने दोस्त राजन निवासी हाट व अजय निवासी थर्मल कॉलोनी के साथ ईको कार से पानीपत से रोहतक आया था। तीनों जींद चौक से हिसार बाईपास पुल के पास पहुंचे तो वहां जाम लगा हुआ था। उनकी कार के आगे एक ऑडी कार थी। पुल पर ढलान होने की वजह से कारों की आपस में टक्कर हो गई। इसमें ईको कार का बंपर टूट गया। इस बीच जाम खुल गया। ऑडी कार चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। आगे फिर जाम लगा था। पीछे से आकर जब उसके बेटे ने ऑडी को रोकने का प्रयास किया तो ऑडी चालक ने उसके ऊपर कार चढ़ा कर उसे कुचल डाला। दोस्तों ने उसे पीजीआई में दाखिल करवाया, जहां उसकी देर रात मौत हो गई। सिटी थाना पुलिस ने ऑडी कार चालक व उसके साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।