रोहतक। थाना आईएमटी क्षेत्र के भालौठ गांव में एक कुश्ती खिलाड़ी पर पिस्तौल से हमला करने आए युवक से हाथापाई हो गई। हमला करने आए युवक के ही हाथ में गोली लगी और वह घायलावस्था में मौके से भाग गया। कुश्ती खिलाड़ी की ओर से थाने में आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित भालौठ निवासी नितेश ने बताया कि वह कुश्ती खिलाड़ी है। प्रतिदिन की तरह वह वीरवार को भी अभ्यास करने के लिए गांव के ही शहीद रामधारी स्टेडियम में जा रहा था। जब वह जिम के पीछे अभ्यास कर रहा था तो उसी दौरान गांव का सचिन उर्फ सुल्तान आया और उसे जबरन जिम की ओर ले जाने लगा। उसने काफी मना किया। इसके बाद सचिन ने उसके हाथ को जोर से पकड़ा तो उसने धक्का देकर अपना हाथ छुड़ाया और फिर अभ्यास करने लगा। कुछ देर बाद वह जिम के अंदर चला गया तो वहां पर सचिन आया। आरोपी ने उस पर पिस्तौल तान दी और गोली चलाकर हत्या करने की धमकी देने लगा। जब वह पिस्तौल का ट्रिगर दबाने के लिए कहने लगा तो उसी दौरान उसके हाथ को पकड़ लिया। इस दौरान हुई हाथापाई में गोली चल गई और वह सचिन के दूसरे हाथ की हथेली में लग गई। इससे वह घायल होकर पिस्तौल को लेकर भागने लगा। जिम के बाहर खड़ा विजय अंदर आया और सचिन को अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गया।
कुश्ती खिलाड़ी की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर हमला करने वाले युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एफएसएल टीम ने नमूने भी लिए हैं। मामले की जांच की जा रही है और उसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।
दिलबाग सिंह, प्रभारी थाना आईएमटी।