रोहतक/सांपला। एंटी ड्रग टीम ने सांपला में छापा मारकर 10, 991 प्रतिबंधित दर्द निवारक इंजेक्शन सहित तीन आरोपियों को काबू किया है। बरामद इंजेक्शन की कीमत एक लाख से ज्यादा आंकी गई हैं।
एएसआई प्रदीप कुमार ने दी शिकायत में बताया कि एंटी ड्रग ब्यूरो की टीम को शुक्रवार को सूचना मिली कि सोनीपत जिले के गांव लाठ निवासी राकेश और विजय कुमार निवासी गांव सेहला, जिला महोबा, उत्तर प्रदेश हाल में किरायेदार गांव साखौल (झज्जर) नशे की दवाइयां बेचने का कार्य करते हैं। बाइक पर इंजेक्शन लेकर सांपला के पास झज्जर-सोनीपत बाईपास के पुल पर आने वाले हैं। पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को काबू किया। दोनों की जेब से एक-एक मोबाइल फोन व बॉक्स के अंदर से 10 हजार 991 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए। मामले की सूचना ड्रग इंस्पेक्टर मनदीप मान को दी। मान ने पुलिस को बताया कि बरामद किए गए इंजेक्शन न केवल प्रतिबंधित हैं, बल्कि एनडीएस एक्ट के दायरे में आते हैं।