विश्व मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष बोरिस वेन पहुंचे रोहतक
- फोटो : संवाद
विश्व मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) के अध्यक्ष बोरिस वेन और उनकी पत्नी इंगो बोरंग ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मीनाक्षी हुड्डा के घर, शहीद बैतून सिंह स्टेडियम रुड़की व राजीव गांधी स्टेडियम सांई कांप्लेक्स का दौरा किया। बोरिस वेन ने मीनाक्षी के माता-पिता से बातचीत की और मीनाक्षी के संघर्षों और सफलता की कहानी सुनी। मीनाक्षी के घर पर बोरिस वेन व उनकी पत्नी ने भारतीय परंपरागत हलवे का स्वाद लिया और परिवार से बातचीत की।
वेन ने कहा यहां का माहौल इतना गर्मजोशी से भरा हुआ है कि मैं यहां के लोगों के साथ और अधिक समय बिताना चाहता हूं। बोरिस वेन को यह जानकारी मिली थी कि हरियाणा से 13 खिलाड़ियों का चयन इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए हुआ है और इन खिलाड़ियों की प्रदर्शन क्षमता को देखते हुए यहां का दौरा करने के लिए पहुंचे। बुधवार को वह राजीव गांधी स्टेडियम सांई कांप्लेक्स, शहीद बैतून सिंह स्टेडियम व मीनाक्षी हुड्डा के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि हम यह देखने के लिए गांव में आए हैं। एक छोटे से गांव से वर्ल्ड चैंपियन लड़की निकली है। यहां खिलाड़ी कैसे अभ्यास करते हैं और कैसा खाना खाते हैं।
उन्होंने कहा कि शहीद बैतून सिंह बॉक्सिंग अकादमी से 11 लड़कियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेली हैं यह बहुत गर्व की बात है। उन्होंने इस बात की भी सराहना की अकादमी में बच्चों से सिखाने की कोई फीस भी नहीं ली जा रही है। उन्होंने आगे सहयोग के लिए भी कहा। संघ के अध्यक्ष मेजर सत्यपाल सिंधु ने कहा कि बोरिस वेन जैसे अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व की उपस्थिति से हरियाणा के खिलाड़ियों में और अधिक उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ है। हमारा उद्देश्य केवल राज्य को जीत दिलाना नहीं, बल्कि हरियाणा को देश और दुनिया में मुक्केबाजी का केंद्र बनाना है।