पत्रकारों से वार्ता करते डीएसपी गोरखपाल राणा साथ में डीएसपी सज्जन कुमार। संवाद
शहर की मानसरोवर कॉलोनी में बदमाशों ने दो दिन तक रेकी के बाद बैंक कर्मचारी कपिल चावला के घर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में अमित उर्फ अजय निवासी रतेरा जिला भिवानी व रमन निवासी सूर्या नगर रोहतक को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शास्त्री नगर के युवक कुलदीप का भी नाम आ रहा है, जिसे फौज में कार्यरत बताया गया है। सोमवार को पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश करेगी।
डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल राणा ने रविवार को सिविल लाइन थाने में मीडिया को बताया कि मानसरोवर कॉलोनी निवासी कपिल चावला ने शिकायत दी थी कि 21 अगस्त की रात करीब साढ़े 10 बजे वह अपनी पत्नी सोनिया के साथ रेलवे रोड पर कोल्ड ड्रिंक्स लेने गया था। पीछे से दो युवक मकान में घुसे और उसकी 11 वर्षीय बेटी को पिस्तौल दिखाकर साढ़े 4 लाख रुपये के जेवरात व एक हजार की नकदी निकाल कर ले गए। इसके अगले दिन नकाबपोश युवक ने जनता कॉलोनी के एक मकान पर लगी घंटी को भी बजाई। मकान मालिक ने उठकर सीसीटीवी कैमरे की जांच की। इसमें एक युवक दिखाई दिया। मकान मालिक ने पड़ोसी के साथ मिलकर युवक का पीछा किया, लेकिन आरोपी फायरिंग करते हुए भाग निकला। एसपी राहुल शर्मा ने मामले की जांच एवीटी स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर गोवर्धन को दी। पुलिस ने रविवार को छापा मारकर आरोपी अमित उर्फ अजय व रमन को दिल्ली से चोरी बाइक के साथ काबू किया। आरोपी अमित उर्फ अजय का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। वारदात में शामिल तीसरा आरोपी शास्त्री नगर निवासी कुलदीप का नाम आया है।
पूछताछ में आरोपी अमित व रमन ने बताया कि रेकी के बाद दोनों मिलकर वारदात को अंजाम देते है। वारदात के पहले उन्होंने मानसरोवर कॉलोनी में दो दिन तक रेकी की थी। उन्हें पता था कि कपिल चावला पत्नी के साथ शाम को अक्सर घूमने चले जाते हैं। 21 अगस्त की रात उन्होंने देखा कपिल व सोनिया स्कूटी पर घर से निकले हैं। इसके बाद दोनों ने वारदात को अंजाम दे दिया। अब पुलिस आरोपियों के तीसरे साथी कुलदीप तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके लिए उसके अदालत से वारंट निकलवाए जाएंगे।
-इंस्पेक्टर गोवर्धन सिंह, प्रभारी एवीटी स्टाफ