रोहतक। बलियाना गांव में पुराने विवाद के चलते फाग के दिन 18 मार्च को गोली चलाने के मामले में पुलिस ने आरोपी गांव निवासी रघुबीर को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
आईएमटी थाना प्रभारी कैलाश चंद्र ने बताया कि 18 मार्च को गांव के युवक मंजीत ने शिकायत दी थी कि उसने गांव में दुकान कर रखी है। करीब डेढ़ साल पहले गांव के युवक अमित से कहासुनी हो गई थी। उसने अमित के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसी बात की रंजिश को लेकर अमित व उसके परिजन उसके साथ गाली गलौज करते हैं। फाग के दिन शाम करीब 4 बजे मंजीत अपनी दुकान से घर जा रहा था। आरोप है कि अमित के पिता गली में खड़े थे। उसे देखकर गाली गलौज करने लगे। मंजीत ने गाली देने पर एतराज किया तो आरोपियों ने बंदूक निकाल ली। मंजीत भागकर दुकान में जाकर छुप गया। आरोप है कि थोड़ी देर बाद अमित, अमित के पिता रघुवीर व अन्य आरोपी आए व गाली गलौज करने लगे। अमित ने अपने हाथ में ली हुई पिस्तौल से जान से मारने की नीयत से मंजीत पर गोली चला दी। मंजीत बाल-बाल बच गया। अमित ने कुल्हाड़ी से मंजीत की दुकान पर तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। गांव के आसपास के व्यक्ति एकत्रित हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। अपराध जांच शाखा द्वितीय व आईएमटी थाना पुलिस ने मिलकर रघुबीर को गिरफ्तार किया है।