रोहतक। दिल्ली रोड पर बजरंग भवन फाटक के पास दो माह पहले ईस्माइला के युवक पर जानलेवा हमलाकर 8 हजार रुपये की नकदी छीनने के आरोपी हिसार रोड स्थित जेपी कॉलोनी निवासी शिव को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआई हरपाल सिंह ने बताया कि ईस्माइला निवासी संजय ने 22 अप्रैल 2022 को शिकायत दी थी कि वह रात करीब साढ़े 8 बजे छोटूराम चौक से दिल्ली बाईपास जाने के लिए ऑटो में बैठा था। ऑटो मे एक अन्य युवक भी बैठा था। उसने बताया कि वह भी गांव ईस्माइला निवासी जिले माली का पोता है। बजरंग भवन फाटक के पास वह युवक ऑटो से उतरने लगा तो संजय उस युवक का किराया ऑटो चालक को किराया देने लगा। संजय ने जैसे ही पैसे निकाले, युवक झपट्टा मारकर 8 हजार रुपये की नकदी छीनकर भागने लगे। संजय ने युवक का पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी की संजय ने तलाशी ली तो जेब से 1500 रुपये मिले। इस पर आरोपी ने एक ईंट उठाकर संजय को मारी और फरार हो गया। संजय को गहरी चोटें आई। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने केस में जानलेवा हमले की धारा जोड़ी। माडल टाउन चौकी प्रभारी कपिल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव निवासी जेपी कॉलोनी हिसार रोड को काबू कर लिया।